Advertisement
17 November 2017

गुजरातः भाजपा ने 70 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की

गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 70 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी के नाम हैं। 182 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए 9 और 14 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। नतीजे 18 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों के साथ घोषित होंगे।

उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा के लिए गुरुवार को भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज मौजूद थीं। बैठक के बाद कर्नाटक विधान परिषद चुनाव के लिए छह उम्मीदवारों की सूची जारी की गई, लेकिन गुजरात की सूची रोक ली गई थी। उसके बाद से अटकलें लगाई जा रही थी कि कांग्रसे उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद ही भाजपा उम्मीदवारों के नाम की घोषणा करेगी।

भाजपा की पहली सूची में घाटलोडिया, नारणपुरा और नरोडा सीट को शामिल नहीं किया गया है। घाटलोडिया से पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल विधायक हैं और वे अगला चुनाव नहीं लड़ना चाहतीं। अमित शाह ने राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद नारणपुरा सीट से इस्तीफा दे दिया था। नरोडा सीट से पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्‍ण आडवाणी की बेटी प्रतिभा आडवाणी को टिकट दिए जाने की चर्चा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: गुजरात, भाजपा, उम्मीदवार, BJP, candidate, Gujarat
OUTLOOK 17 November, 2017
Advertisement