Advertisement
09 August 2016

बुलंदशहर गैंगरेप: मुख्य आरोपी समेत तीन और गिरफ्तार, पीड़ितों ने जड़ा थप्पड़

बुलंदशहर गैंगरेप: मुख्य आरोपी समेत तीन और गिरफ्तार, पीड़ितों ने जड़ा थप्पड़ | गूगल

उत्तर प्रदेश पुलिस और यूपी एसटीएफ ने बुलंदशहर गैंगरेप मामले में छापेमारी कर तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या छह हो गई है। एक पुलिस अधिकारी ने इस मामले में अधिक जानकारी देने से इनकार करते हुए बताया कि बावरिया गिरोह के सरगना और कांड को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी सलीम और उसके दो अन्य साथियों जुबैर और साजिद को गिरफ्तार किया गया है। सलीम सहारनपुर और बाकी दो अन्य आरोपी कन्नौज के रहने वाले हैं। मिली जानकारी के अनुसार  इन सभी की गिरफ्तारी मेरठ के मवाना से हुई है।

बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी ने जानकारी दी कि आरोपी सलीम बावरिया को उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़ित ने तीनों आरोपियों की पहचान भी कर ली है। आरोपियों की शिनाख्त करने के दौरान पीड़ितों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपियों को थप्पड़ जड़ दिए। गिरफ्तार सलीम नाम का शख्स बावरिया गिरोह का सरगना है जिसपर विभिन्न अपराधों में कई केस दर्ज हैं। इससे पहले इस मामले में जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया वे अभी न्यायिक हिरासत में हैं।  

अपने परिवार के साथ एक कार से 29 जुलाई को नोएडा से शाहजहांपुर जा रही मां-बेटी को दिल्ली-कानपुर राजमार्ग 91 पर बदमाशों ने अगवा कर बंधक बना लिया था और सामूहिक बलात्कार किया। मामला सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सरकार में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश सरकार ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिक्षक सहित कई अधिकारियों को निलंबित कर दिया था। वहीं मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मामले की सीबीआई जांच को लेकर प्रदेश सरकार से जवाब दाखिल करने को कहा है।

Advertisement

 

TAGS: उत्तर प्रदेश, बुलंदशहर गैंगरेप, सामूहिक बलात्कार, सलीम बावरिया, मुख्य आरोपी, गिरफ्तार, शिनाख्त, बावरिया गिरोह, सरगना, Uttar Pradesh, Bulandshahar, Gangrape, Salim Bawariya, Key Accused, Arrest, Identification, Bawariya gang, Gang leader
OUTLOOK 09 August, 2016
Advertisement