Advertisement
31 August 2021

कचरे पर कैटवॉक: ऐसा क्‍यों किया मिस झारखंड रही सुरभी ने

मॉडल्‍स, सुंदरियां अमूमन रैंप पर कैटवॉक करती नजर आती हैं। सुंदर नजारे मन छू लेने वाले क्षणों को कैद करने हुए अपने प्रसंशकों के लिए सोशल मीडिया पर शेयर करती हैं। मगर मिस झारखंड सुरभी झारखंड की राजधानी रांची में कचरे के विशाल ढेर पर कैटवॉक करती नजर आईं। उनकी वीडियो, तस्‍वीर सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही है। गुमला की रहने वाली सुरभी को इसी साल जनवरी में मिस झारखंड के खिताब ने नवाजा गया है।

झारखंड खासकर रांची का करीबी इलाका पहाड़, जंगल, घाटी, झील, फॉल, झरना के लिए प्रसिद्ध है। बारिश के मौसम में इसकी खूबसूरती और बढ़ जाती है। इस दौरान सोशल मीडिया और अखबार तस्‍वीरों, आलेखों से पटे रहते हैं। इसके विपरीत सुरभी गंदगी के पहाड़ के बीच वॉक हर रही है। जहां वह कैटवॉक कर रही हैं वह रांची के रिंग रोड से सटा हुआ इलाका 'झिरी' है। रांची शहर से कोई 12-15 किलोमीटर दूर। यहां कचरे का पहाड़ है। एक, दो नहीं तीन-तीन पहाड़ खड़े हो गये हैं। नगर निगम पूरे शहर का कचरा यहीं गिराता है।

Advertisement

यहां रिंग रोड से गुजरते हुए भी आप को अचानक नाक पर रुमाल रख लेना होगा, गाड़ी के शीशे चढ़ा लेने होंगे। बारिश के मौसम में दुर्गंध का तो कहना ही क्‍या। कोई पांच किलो मीटर के दायरे में दुर्गंध का प्रकोप रहता है। आस-पास के लोगों का जीना मुहाल। गंदगी के कारण मच्‍छरों के आतंक से लोग दिन में भी पढ़ने या स्थिर होकर बैठने के लिए मसहरी के भीतर वक्‍त गुजारना पसंद करते हैं और इसी गंदगी के बीच अपने शूट के लिए उसे यहां करीब एक घंटे का वक्‍त गुजारना पड़ा। द्रोन कैमरे से भी शूट कर कचरे के पहाड़ और उसके फैलाव को दिखाया गया है। सुरभी के अनुसार इधर से गुजरते हुए उसे भी दुर्गंध का तीखा एहसास होता था।

लगता था कि इलाके के लोग कैसे रहते होंगे। बस सरकार और नगर प्रशासन का ध्‍यान आकृष्‍ट करने के लिए कैटवॉक का आकार दे डाला। कहा यह अंत है, रांची को कचरे का ढेर मत बनाइए। बता दें कि झिरी में हर माह 18 हजार टन से अधिक कचरा यहां गिराया जाता है। कचरे के तीन पहाड़ खड़े हो गये हैं। सालों से यही स्थिति है। नगर निगम का बस एक तर्क होता है कि कचरे के निबटारे के लिए, रिसाइकिलिंग के लिए प्‍लांट लगाने जा रहे हैं। जल्‍द समस्‍या दूर हो जायेगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Catwalk on garbage, Surbhi, Miss Jharkhand
OUTLOOK 31 August, 2021
Advertisement