Advertisement
07 August 2017

चंडीगढ़ छेड़छाड़ मामला: कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाया सीसीटीवी फुटेज गायब कराने का आरोप

ANI

युवती से कथित छेड़छाड़ मामले में हरियाणा के भाजपा अध्यक्ष के बेटे को बचाने के आरोप में कांग्रेस सहित अन्य दल भाजपा को घेर रही है। पहले आरोपी युवक को तुरंत जमानत मिलने को लेकर सवाल खड़े किए गए वहीं अब सीसीटीवी फुटेज गायब करवाने का आरोप भी हरियाणा की भाजपा सरकार पर लगाए जा रहे हैं।


Advertisement

 

समाचार एजेंसी एनएनआई के मुताबिक सोमवार को कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के दबाव में चंडीगढ़ प्रशासन आरोपी को बचाने का प्रयास कर रहा है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला का कहना है कि भाजपा हरियाणा अध्यक्ष के बेटे को बचाने के लिए ढाल का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ये जाहिर है कि भाजपा चंडीगढ़ प्रशासन पर दबाव डाल रही है। एक राजनेता होने के नाते भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला अपने बेटे को बचा रहे हैं।

सीसीटीवी पर सवाल

सुरजेवाला कहा, “आरोपी को बचाने के लिए पांच सीसीटीवी फुटेज को भी गायब कर दिया गया है। अब ये कहा जा रहा है कि सात में से पांच सीसीटीवी काम ही नहीं कर रहे थे। ऐसा कैसे हो सकता है कि सात में से पांच सीसीटीवी कैमरों ने एक साथ काम करना बंद कर दिया हो? सच ये है कि हम आरोपी के खिलाफ सबसे पुख्ता सबूत को खो चुके हैं।”

क्या यह महिला का अपमान नहीं है?

कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा,  “हम भारत के लोगों की तरफ से पूछते हैं कि अगर कोई युवा शराब के नशे में सात किलोमीटर तक एक लड़की का पीछा करे, उसकी कार रोकने का प्रयास करे और जबरदस्ती कार का दरवाजा खोलकर अंदर आने की कोशिश करे। तो क्या ये मामला महिला के अपहरण और अपमान का नहीं है? क्यों इस अपराध के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री को इसके बारे में जवाब देना चाहिए।”

क्या है मामला?

शनिवार को आईएएस अधिकारी की बेटी से छेड़छाड़ के आरोप में हरियाणा भाजपा अध्यक्ष के बेटे विकास बराला को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि कुछ घंटों बाद बराला को जमानत पर रिहा कर दिया गया। इस मामले पर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर खट्टर सरकार को घेरा जा रहा है।

TAGS: Chandigarh, tampered, case, Congress, accused, BJP, missing, CCTV footage
OUTLOOK 07 August, 2017
Advertisement