Advertisement
30 August 2019

चिन्मयानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली लड़की जयपुर में मिली, छह दिन से थी लापता

Twitter

भाजपा नेता चिन्मयानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली शाहजहांपुर के एस.एस. लॉ कॉलेज की लापता छात्रा राजस्थान के जयपुर में 6 दिन बाद मिली। पुलिस ने बताया कि छात्रा अपने एक दोस्त के साथ मिली है। बता दें कि छह दिन पहले छात्रा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री चिन्मयानंद पर एक वीडियो जारी कर शोषण और डराने धमकाने समेत कई आरोप लगाए थे।

राजस्थान में यूपी पुलिस को मिली लापता छात्रा

उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर जानकारी देते हुए बताया, "शाहजहांपुर मामले में लापता हुई छात्रा अपने दोस्त के साथ राजस्थान में शाहजहांपुर पुलिस को मिली है। अब मामले को लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"

Advertisement

पिछले कई दिनों से पुलिस की टीम कर रही थी इस संबंध में काम 

राज्य के पुलिस प्रमुख ओ.पी सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि चिन्मयानंद पर आरोप लगाने वाली लॉ की छात्रा शुक्रवार सुबह मिली और वह ठीक है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब लड़की को शाहजहांपुर ले जा रही है, पिछले कुछ दिनों से पुलिस की टीमें इस संबंध में काम कर रही थीं।

लापता होने से एक दिन पहले बीजेपी नेता पर लगायाा था आरोप

चिन्मयानंद के ट्रस्ट द्वारा संचालित एक कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा, पिछले शनिवार से गायब थी। इससे एक दिन पहले छात्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें उसने आरोप लगाया गया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री चिन्मयानंद उसे परेशान कर रहा था और उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। उसने वीडियो में चिन्मयानंद का नाम नहीं लिया, लेकिन "संत समुदाय के एक वरिष्ठ नेता" का जरूर बोला था।

बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री चिन्मयानंद को 2011 में भी इसी तरह के आरोपों का सामना करना पड़ा था, जब उनके आश्रम में रहने वाली एक महिला के साथ बलात्कार करने के आरोप में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

 

छात्रा के पिता ने दर्ज कराया था केस

 

छात्रा शाहजहांपुर के एक महाविद्यालय में एलएलएम की छात्रा है। वीडियो वायरल होने के बाद छात्रा के पिता ने कोतवाली शाहजहांपुर में स्वामी चिन्मयानंद पर आईपीसी की धारा 364 व 506 के तहत केस दर्ज कराया था। वहीं, स्वामी चिन्मयानंद के वकील ने भी अज्ञात पर पांच करोड़ की रंगदारी मांगने व ब्लैक मेल करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। वकील ने कहा था कि, स्वामी चिन्मयानंद को साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है। वे निर्दोष हैं। हालांकि, स्वामी चिन्मयांनद का इस विषय में कोई बयान नहीं आया था।

 

लापता होने के बाद पूरे शहर में जारी किया गया था छात्रा का पोस्टर

 

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को शाहजहांपुर पुलिस ने पूरे शहर में छात्रा का पोस्टर जारी किया था। पुलिस अधीक्षक नगर दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि, यह अपहृत लड़की की तलाश के लिए एक सामान्य प्रक्रिया है। पोस्टर में लिखा था कि, शहर निवासी 23 वर्षीय एलएलएम की छात्रा 23 अगस्त से अपने हॉस्टल से गायब है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Chinmayanand case, Missing UP student, found, Rajasthan
OUTLOOK 30 August, 2019
Advertisement