Advertisement
17 April 2020

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 3202 मामले, अब तक 194 लोगों की मौत

कोरोना वायरस: महाराष्ट्र में सामने आए 286 नए मामले, 3000 के पार पहुंचा आंकड़ा | पीटीआइ

देश में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। भारत में कोरोना से अब तक 13 हजार 626 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 450 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तीन हजार पार कर गया है। यहां एक दिन में 286 नए मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 3,202 पहुंच गई है। इनमें से 2 हजार से ज्यादा मामले सिर्फ मुंबई के हैं। दूसरे नंबर पर पुणे जहां 430 हैं और यहां अब तक 48 लोगों की जानें जा चुकी हैं। वहीं, थाणे में 295, नागपुर में 66, अहमदनगर में 28 तो रायगढ़ में 16 मामले सामने आ चुके हैं।

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, महाराष्ट्र में इस वायरस से संक्रमितों का आंकड़ा 3,202 पहुंच गया है, जिसमें 2,708 एक्टिव केस हैं। 300 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। वहीं, अब तक इस वायरस से 194 लोगों की मौत हो चुकी है।

महाराष्ट्र में 286 नए मामले

Advertisement

महाराष्ट्र में आज कोविड-19 के 286 नए मामले सामने आए। इन्हें मिलाकर राज्य में कोरोना पॉजिटिव रोगियों की कुल संख्या बढ़कर 3,202 हो गई है। महाराष्ट्र में आज कोरोना से सात लोगों की मृत्यु हुई। यह संख्या पिछले एक सप्ताह में सबसे कम है। मारे गए सात लोगों में तीन मुंबई के एवं चार पुणे के हैं।

मुंबई में 177 नए मामले

वहीं, मुंबई की बात करें तो आज यहां कुल 177 नए मामले सामने आए। इनमें 26 धारावी के हैं। इनके साथ ही धारावी में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 86 हो गई है। मुंबई के घनी बस्ती वाले एक अन्य क्षेत्र गोवंडी-मानखुर्द में भी कोरोना पॉजिटिव रोगियों की संख्या बढ़कर 103 हो गई है। मुंबई में कोरोना पीड़ित अति गंभीर क्षेत्रों की संख्या भी एक और बढ़कर आठ हो गई है। लेकिन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे के अनुसार, महाराष्ट्र में अधिक जांच के बावजूद कोरोना पॉजिटिव रोगियों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। पहले कम जांच के बावजूद दो दिन बाद ही दो गुने हो रहे थे। फिर यह अवधि तीन दिन पर पहुंच गई। और अब छह दिनों में रोगियों की संख्या दोगुनी हो रही है।

राजेश टोपे मानते हैं कि महाराष्ट्र में कोरोना रोगियों की मृत्युदर देश में सर्वाधिक है। लेकिन इसका कारण मरने वाले रोगियों में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय विकार जैसे रोगों का होना ही मुख्य कारण है।

मुंबई के धारावी में अब तक 9 लोगों की मौत, 86 पॉजिटिव

मुंबई के धारावी में अब तक नौ लोगों की इस संक्रमण से मौत हो चुकी है जबकि 86 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। महाराष्ट्र में 23 पुलिसकर्मी भी कोरोनो संक्रमित पाए गए हैं। इसके बावजूद महाराष्ट्र पिछले दो दिनों से कोरोना से होने वाली मृत्यु में आई कमी से राहत महसूस कर रहा है।

 

 

TAGS: Corona virus, 286, new cases, reported, in Maharashtra, figure exceeded, 3000
OUTLOOK 17 April, 2020
Advertisement