Advertisement
19 May 2024

मध्य प्रदेश में दलित दंपत्ति से मारपीट, जूतों की माला पहनाई गई, 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

मध्य प्रदेश में दलित दंपत्ति से मारपीट, जूतों की माला पहनाई गई, 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

मध्य प्रदेश के अशोक नगर जिले में एक बुजुर्ग दलित दंपत्ति के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उन्हें जूतों की माला पहनाई गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दंपत्ति का बेटा कथित तौर पर छेड़छाड़ की एक घटना में शामिल था।

एक अधिकारी ने बताया कि दंपत्ति से मारपीट की घटना मुंगावली थाना क्षेत्र के अंतर्गत किलोरा गांव में शुक्रवार को हुई।उन्होंने कहा कि इस संबंध में 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, ये सभी लोग फरार हैं।

मुंगावली थाने के प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर ने कहा कि दंपत्ति का बेटा कथित तौर पर एक आरोपी की पत्नी से छेड़छाड़ में शामिल था। घटना के बाद इस दलित परिवार ने गांव छोड़ दिया था। उन्होंने बताया कि ये दंपत्ति हाल ही में गांव आया था।

Advertisement

अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को आरोपियों ने 65 वर्षीय दलित व्यक्ति और उनकी 60 वर्षीय पत्नी को कथित तौर पर एक खंभे से बांध दिया, उनके साथ मारपीट की और उन्हें जूतों की माला पहनाई।

उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार को 10 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 147 (दंगा), 149 (सामान्य उद्देश्य के साथ गैरकानूनी सभा), 323 (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 294 (अश्लील हरकत) और 506 (आपराधिक धमकी) के साथ-साथ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

TAGS: Dalit couple, assaulted, garlanded with shoes, Madhya Pradesh, case registered, 10 people
OUTLOOK 19 May, 2024
Advertisement