Advertisement
24 July 2019

बिहार-असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 174 हुई, अब इन राज्यों में भी अलर्ट

twitter

बिहार और असम में बाढ़ का कहर जारी है। दोनों प्रदेशों में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 174 हो गई है जबकि प्रभावित लोगों की संख्या अब 1.09 करोड़ के पार पहुंच गई है। मिली जानकारी के मुताबिक असम में मरने वालों का आंकड़ा 68 पहुंच गया जबकि बिहार में यह आंकड़ा 106 रहा। सोमवार से दोनों राज्यों में पांच और लोगों के मरने की सूचना मिली। वहीं, बिहार में बाढ़ से 12 जिलों के 72.78 लाख लोग प्रभावित हैं जबकि असम के 33 जिलों में से 19 में रहने वाले 38.37 लाख लोग प्रभावित हैं।

मधुबनी, सीतामढ़ी और दरभंगा जिलों में हालात खराब

आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, बिहार के मधुबनी जिले से लोगों के मरने की सूचना मिली है और इसके साथ ही जिले में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 25 पहुंच गया है। वहीं सीतामढ़ी 27 लोगों की मौतों के साथ अब भी बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित जिला बना हुआ है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीतामढ़ी और दरभंगा जिलों में राहत शिविरों का दौरा किया।

Advertisement

इससे पहले उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने शनिवार को जिले में राहत और पुनर्वास कार्यों का जायजा लेने के लिए सीतामढ़ी का दौरा किया था। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बिहार के कुल 12 जिले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

बिहार में बिजली गिरने से 28 की मौत

पटना, औरंगाबाद, जमुई और भागलपुर समेत 8 जिलों में बिजली गिरने से मंगलवार को 28 लोगों की मौत हो गई। वहीं, बिहार के 12 जिलों में बाढ़ से अब तक 8.85 लाख से ज्यादा की आबादी प्रभावित है। बाढ़ के कारण सीतामढ़ी में 27, मधुबनी में 25, अररिया में 12, शिवहर और दरभंगा में 10-10, पूर्णिया में 9, किशनगंज में 5, सुपौल में 3, पूर्वी चंपारण और मुजफ्फरपुर में 2-2 लोगों की जान गई। राज्य की कोसी, महानंदा, बूढ़ी गंडक, बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान और परमान नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

असम: 3,024 गांवों में 44,08,142 लोग बाढ़ की चपेट में

इधर, असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार असम में मोरीगांव से दो लोगों और धेमाजी, ग्वालपाड़ा और कामरूप से एक-एक व्यक्ति के मरने की सूचना है। गौरतलब है कि असम के प्रभावित जिलों के 3,024 गांवों में 44,08,142 लोग बाढ़ की चपेट में हैं। प्राधिकरण के बुलेटिन में कहा गया है कि 2,669 गांव, 1.35 लाख हेक्टेयर फसल भूमि और गोलाघाट जिले में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का एक हिस्सा जलमग्न है। इसमें कहा गया है कि काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में भी 141 जानवरों की बाढ़ के कारण मौत हो चुकी है। बुलेटिन के अनुसार ब्रह्मपुत्र नदी जोरहाट जिले के नेमाटीघाट और धुबरी जिले में खतरे के स्तर से ऊपर बह रही है। जिला प्रशासनों द्वारा बनाये गये 829 राहत शिविरों और राहत वितरण केन्द्रों में 1,15,389 से अधिक विस्थापित लोग हैं। कई बाढ़ प्रभावितों ने राज्य के वित्त मंत्री हिमंत बिस्व शर्मा से कहा था कि उन्हें राहत केंद्रों में न तो पर्याप्त राहत सामग्री दी जा रही है और न ही रहने की सुविधा है।

हिमाचल और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में अगले 48 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मंगलवार सुबह से शाम तक बांदा में 51 मिमी, बहराइच में 49.4, गोरखपुर में 12.6, उरई में 17, बलिया में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। हिमाचल में मानसून सीजन में अभी तक सामान्य से 39% कम बारिश हुई है। चंबा में 69%, हमीरपुर में 10%, कांगड़ा में 39%, किन्नौर में 69%, कुल्लू में 34%, लाहौल और स्पीति में 94%, मंडी में 48%, शिमला में 18%, सिरमौर में 33%, सोलन में 20% और ऊना में 25% कम बारिश रिकॉर्ड हुई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Death toll, in Assam, Bihar, floods, reaches 174, IMD predicts, heavy rainfall, in UP, Assam, Meghalaya
OUTLOOK 24 July, 2019
Advertisement