Advertisement
24 November 2022

'खराब' श्रेणी में बरकरार है दिल्ली की वायु गुणवत्ता, जानें कैसा रहेगा मौसम

राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता गुरूवार सुबह भी ‘खराब’ श्रेणी में बनी रही, जबकि न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी एक बुलेटिन में कहा गया है कि दिल्ली में गुरूवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 217 दर्ज किया गया।

Advertisement

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है। आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, गुरूवार सुबह साढ़े आठ बजे राष्ट्रीय राजधानी में सापेक्ष आर्द्रता 76 फीसदी दर्ज की गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली में वायु गुणवत्ता के और खराब होने के आसार नहीं हैं। आईएमडी के मुताबिक, बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 23 नवंबर 2020 (6.2 डिग्री सेल्सियस) के बाद से नवंबर महीने में दर्ज किया गया सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान के 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान जताया है। मंगलवार शाम चार बजे एक्यूआई 255 था। 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Delhi's air quality, 'poor', minimum temperature settled, 8.4 degrees Celsius
OUTLOOK 24 November, 2022
Advertisement