Advertisement
02 November 2021

दिल्ली में आउट ऑफ कंट्रोल हो रहा डेंगू? 7 दिनों में मिले 531 नए मरीज, इन इलाकों में ज्यादा खतरा

पीटीआई

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में डेंगू का कहर आउट ऑफ कंट्रोल होता नजर आ रहा है। आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में अब तक डेंगू के 1 हजार 537 मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 6 मरीज दम तोड़ चुके हैं। पिछले एक सप्ताह में ही दिल्ली-एनसीआर में डेंगू के 531 नए मामले सामने आए हैं, जिससे पूरे दिल्ली में हड़कंप मच गया है।

दिल्ली नगर निगम की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 5 साल में ये तीसरी बार हुआ जब अक्टूबर में डेंगू के इतने अधिक मामले सामने आए हैं। इससे पहले 2016 में डेंगू के 1,517 और 2017 में 2,022 मरीज सामने आए थे। वहीं 2018 में 1 हजार 114, 2019 में 787 और 2020 में 346 केस रिकॉर्ड किए गए थे।

एमसीडी द्वारा जारी किए गए आंकड़ों में बताया गया कि पिछले सप्ताह सबसे अधिक 134 मामले उत्तरी दिल्ली नगर निगम से आए हैं। इसके बाद 127 मरीज दक्षिणी दिल्ली नगर निगम और 69 मरीज पूर्वी दिल्ली नगर निगम से सामने आए हैं। अब तक सबसे अधिक 122 मामले साउथ दिल्ली, 120 मामले सेंट्रल दिल्ली, 96-96 मामले शाह (साउथ) और वेस्ट दिल्ली में सामने आ चुके हैं। वहीं 89 केस नजफगढ़ से आ चुके हैं।

Advertisement

दिल्ली में बढ़ते मामलों के बाद केंद्र सरकार भी अलर्ट हो गई है। राजधानी में बढ़ती डेंगू के मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने सोमवार को समीक्षा बैठक की थी। इस मीटिंग में मंडिविया ने कहा कि कई गरीब लोगों का ठीक इलाज नहीं किया जाता है और उनकी मौत की जानकारी भी नहीं दी जाती है। उन्होंने बताया कि हॉटस्पॉट की पहचान, फॉगिंग और वक्त पर इलाज जैसी पहल होनी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं, वहां केंद्र सरकार द्वारा विशेषज्ञों की टीम रवाना करवाई जाएगी।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: डेंगू, दिल्ली में डेंगू के मामले, दिल्ली नगर निगम, दिल्ली एनसीआर, मनसुख मंडाविया, Dengue, Dengue cases in Delhi, Municipal Corporation of Delhi, Delhi NCR, Mansukh Mandaviya
OUTLOOK 02 November, 2021
Advertisement