Advertisement
05 April 2021

दिलीप पाटिल हो सकते हैं महाराष्ट्र के नए गृहमंत्री, CBI जांच के आदेश के बाद देशमुख ने दिया इस्तीफा

FILE PHOTO

मुंबई के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह की चिट्ठी के बाद विवादों में घिरे अनिल देशमुख के इस्तीफा देने के बाद अब दिलीप वलसे पाटिल महाराष्ट्र के नए गृह मंत्री हो सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दिलीप पाटिल को गृह मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। राज्य विधानसभा के 6 बार सदस्य रह चुके दिलीप वलसे पाटिल वर्तमान में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की कैबिनेट में आबकारी एवं श्रम विभाग के मंत्री का पद संभाल रहे हैं।

देशमुख के 100 करोड़ रुपये की वसूली मामले पर मुंबई बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद अनिल देशमुख ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री पद से अपना इस्तीफा सीएम उद्धव को सौंप दिया है।. इससे पहले मुंबई हाई कोर्ट ने मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख परमबीर सिंह द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार और कदाचार के आरोपों पर सीबीआई को 15 दिन के अंदर प्रारंभिक जांच पूरी करने का निर्देश दिया।

महाराष्ट्र के सीएम को दिए अपने इस्तीफे में अनिल देशमुख ने कहा कि बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद उनका पद पर बना रहना नैतिक रूप से ठीक नहीं होगा। जबकि, एनसीपी नेता और राज्य सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने कहा, "हाईकोर्ट के आदेश के बाद गृहमंत्री अनिल देशमुख ने शरद पवार और अन्य पार्टी नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वे इस पद पर और आगे नहीं बने रहना चाहते हैं। पार्टी ने सीएम से अनुरोध किया है कि वे अनिल देशमुख का इस्तीफा स्वीकार कर लें।"

Advertisement

बता दें कि एंटीलिया केस और सचिन वाजे मामले में सरकार की अपेक्षा के अनुरूप नहीं निपटने के बाद परमबीर सिंह को 17 मार्च मुंबई पुलिस कमिश्नर पद से हटा दिया गया था। पद से हटाए जाने के बाद परमबीर सिंह ने 20 मार्च को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को चिट्ठी लिखी थी। इस चिट्ठी में उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को बार और रेस्तरां से 100 करोड़ रुपए जुटाने को कहा था। उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया के पास 25 फरवरी को एक संदिग्ध कार मिली थी। इसमें  जिलेटिन की 20 छड़ें बरामद हुई थीं।  मामले की जांच शुरुआत में मुंबई पुलिस कर रही थी। इस मामले की जांच एनआईए कर रही है। 13 मार्च को सचिन वाजे को एनआईए ने गिरफ्तार किया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 05 April, 2021
Advertisement