Advertisement
17 October 2017

अयोध्या में अब की बार इस तरह मनेगी दिवाली, सरयू पर जलाए जाएंगे लाखों दीए

अयोध्या में अब की बार इस तरह मनेगी दिवाली, बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड | FILE PHOTO

अयोध्या में इस बार छोटी दिवाली को विशेष रूप से मनाने की तैयारी चल रही है। इस आयोजन की भव्यता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि इसे गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड्स में भी जगह मिल सकती है। अयोध्या के मंदिर और घाटों पर हर परिवार की सहभागिता से एक लाख 71 हजार दीप जलाए जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पूरे आयोजन में मुख्यमंत्री और राज्यपाल के साथ रामनगरी में प्रदेश की कैबिनेट और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

पुष्पक विमान की तरह हेलिकॉप्टर में आएंगे राम-लक्ष्मण-सीता

जानकारी के मुताबिक राम अपने भाई लक्ष्मण और पत्नी सीता के साथ फैजाबाद हवाई पट्टी से हेलिकॉप्टर में सवार होकर सीधे अयोध्या के रामकथा पार्क पहुंचेंगे। जहां खड़ाऊं लेकर योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल रामनाइक उनकी अगवानी करेंगे। कहा जा रहा है कि स्वयं योगी आदित्यनाथ भरत का किरदार निभाएंगे।

Advertisement

इसके बाद उनका पूजन अर्चन होगा और रामदरबार लगेगा जहां श्रीराम का राज्याभिषेक किया जाएगा।

छोटी दिवाली में दिखेंगी भव्य झाकियां

18 अक्टूबर को छोटी दीपावली के दिन अयोध्या का मुख्य आकर्षण होगी, राम से जुड़े अलग-अलग काण्ड पर आधारित झाकियां जो अपने भव्य स्वरूप में दिखाई देगी। ट्रकों पर बने मंच पर शोभायमान कुल 11 झाकियां होंगी, जिसके सामने लोक कलाकार संबंधित काण्ड से जुड़ी नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर रहे होंगे।

विदेशी कलाकारों द्वारा रामलीलाओं का मंचन

दीपावली पर होने वाले रामराज्याभिषेक कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए लेजर शो व विदेशी कलाकारों की ओर से रामलीलाओं का भी मंचन कराया जाएगा। इंडोनेशिया व श्रीलंका की 15-15 सदस्यीय रामलीला मंडली रामलीला का मंचन करेगी। गोरखपुर की भी एक रामलीला मंडली मंचन का हिस्सा होगी।

प्रदूषण मुक्त दिवाली

प्रदूषण मुक्त आयोजन के लिए आतिशबाजी की जगह लेजर शो होगा। वहीं 1,71, 000 दीपों को जलाकर एक साथ दीप जलाने का विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी है। इसके लिए 2 लाख दीयों का ऑर्डर दिया जा चुका है, जिसके निर्माण के लिए बड़ी संख्या में कुम्हार लगे हैं और घर-घर दीये बनाए जा रहे हैं। दिवाली के दिन राम की पैड़ी पर दीपोत्सव का कार्यक्रम है। यहां 1 लाख 71 हजार दीपों को प्रज्वलित किया जाएगा और आरती में 'ॐ जय सरयू माता' का जाप लगातार होता रहेगा। इसके साथ ही 11 वैदिक ब्राह्मण मंत्रोचार करते रहेंगे, जब और आरती चलती रहेगी।

 

TAGS: Diwali, celebrate, Ayodhya, world record
OUTLOOK 17 October, 2017
Advertisement