Advertisement
22 January 2016

पठानकोट से किराए पर ली टैक्सी का चालक मृत मिला, अलर्ट जारी

पठानकोट से किराए पर ली टैक्सी का चालक मृत मिला, अलर्ट जारी

अलर्ट का महत्व इसलिए है क्योंकि पठानकोट वायुसेना स्टेशन पर हमला करने वाले आतंकवादियों ने भी हमले से पहले एक चालक की हत्या कर उसके वाहन को लूट लिया था। अब कांगड़ा में जिस चालक का शव मिला है, उसकी पहचान कांगड़ा जिले के गग्गल गांव निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार विजय का शव बुधवार को कांगड़ा में काल्ता पुल पर मिला और उसकी टैक्सी गायब थी।

दिल्ली पुलिस ने ट्वीट में कहा, तीन अज्ञात लोगों ने सफेद रंग की आल्टो टैक्सी नंबर एचपी 01डी 2440 को पठानकोट से किराए पर लिया था। कांगड़ा के गग्गल का निवासी टैक्सी चालक विजय 20 जनवरी 2016 को काल्ता पुल, जिला कांगड़ा में मृत पाया गया। आल्टो कार गायब है। तलाशी अभियान जारी है। अलर्ट रहिए।

खतरे की संभावना के बारे में पूछे जाने पर दिल्ली पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए आगे कोई ब्योरा दिए बिना दिल्ली के लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया। दिल्ली पुलिस ने कार का पता लगाने में पुलिस की मदद के लिए मीडिया प्रतिष्ठानों से संपर्क किया है और ट्वीट को बार-बार दोहराकर संदेश प्रसारित किया है।

Advertisement


 

TAGS: पठानकोट, टैक्‍सी, चालक, मृत, अलर्ट, दिल्‍ली पुलिस
OUTLOOK 22 January, 2016
Advertisement