Advertisement
18 August 2025

हैदराबाद में जन्माष्टमी पर्व के दौरान वाहन पर गिरा बिजली का तार, करंट से पांच लोगों की मौत

हैदराबाद में जन्माष्टमी के पर्व पर एक शोभा यात्रा के दौरान एक वाहन के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य झुलस गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना रविवार देर रात एक बजकर 30 मिनट पर रामनाथपुर इलाके में हुई।

पुलिस ने बताया कि इस वाहन में भगवान की मूर्तियां रखी थीं और यह वाहन ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से टकरा गया जिसके बाद तार टूटकर वाहन पर गिर गया। घटना में घायल हुए चार लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है।

यह घटना रविवार देर रात रामनाथपुर के गोकुलनगर में उस समय हुई जब लोग जुलूस में शामिल थे। जुलूस के दौरान जिस वाहन में रथ ले जाया जा रहा था, उसके खराब हो जाने के बाद नौ लोगों का एक समूह रथ को अपने हाथों में उठाकर ले जा रहा था। बिजली के झटके के कारण वे दूर जा गिरे। इस घटना से जुलूस में शामिल लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।

Advertisement

केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी के गनमैन श्रीनिवास समेत चार अन्य घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना गोकुलनगर स्थित यादव फंक्शन हॉल के पास हुई जब रथ ऊपर से गुजर रहे एक हाई-टेंशन तार की चपेट में आ गया। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने सरकार से मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार प्रदान करने की मांग की।

इस बीच, रविवार रात हैदराबाद के कुकटपल्ली इलाके में कृष्णाष्टमी समारोह के दौरान युवाओं के दो समूहों में झड़प हो गई। झड़प में एक व्यक्ति को चोटें आईं। पुलिस को संदेह है कि दोनों समूहों के बीच पुरानी रंजिश के कारण झड़प हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Janmashtami festival, Hyderabad, electric wire fell, vehicle, five people died, electric shock
OUTLOOK 18 August, 2025
Advertisement