Advertisement
28 June 2025

पुरी रथ यात्रा के दौरान करीब 600 लोगों की तबीयत बिगड़ी, कई अस्पतालों में भर्ती

ओडिशा के पुरी में शुक्रवार को आयोजित विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के दौरान भीषण गर्मी और भीड़भाड़ के कारण करीब 625 लोग बीमार पड़ गए और कई लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुरी के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी (सीडीएमओ) डॉ. किशोर सतपथी ने बताया कि कई लोगों ने मामूली चोटें, उल्टी और बेहोशी की शिकायत की है और इसका मुख्य कारण भीड़भाड़ की स्थिति थी। उन्होंने कहा, ‘‘अधिकांश लोगों को ओपीडी में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। कोई हताहत नहीं हुआ।’’

ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग ने कहा कि श्रद्धालुओं के बीमार होने का मुख्य कारण अत्यधिक गर्मी और उमस है।

Advertisement

एक अधिकारी ने बताया कि पुरी के जिला मुख्यालय अस्पताल में करीब 70 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से नौ की हालत गंभीर बताई गई है।

इस बीच, सूत्रों ने दावा किया कि बालागंडी क्षेत्र के पास कई लोग घायल हो गए, जहां भगवान बलभद्र का रथ, तलध्वज, एक घंटे से अधिक समय तक फंसा रहा।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘लंबे समय तक रथ के रुके रहने के कारण वहां भीड़ जमा हो गई, जिसके परिणामस्वरूप कई लोग फंस गए और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र से बाहर निकलने की कोशिश करते समय घायल हो गए।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Puri Rath Yatra, around 600 people, fell ill, admitted to hospitals
OUTLOOK 28 June, 2025
Advertisement