Advertisement
01 March 2018

बिहार के चार पूर्व कांग्रेसी एमएलसी अब जदयू के सदस्य

बिहार विधान परिषद में आज कांग्रेस का औपचारिक तौर पर विभाजन हो गया। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी समेत चार विधान पार्षदों को विधान परिषद में सत्तारूढ़ जनता दल (यूनाइटेड) के सदस्य के रूप में मान्यता मिल गई।

बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति ने बताया कि कांग्रेस के चार विधान पार्षदों अशोक चौधरी, दिलीप चौधरी, रामचंद्र भारती और तनवीर अख्तर ने बुधवार को आधिकारिक तौर पर जदयू सदस्य के रूप में मान्यता दिए जाने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इन चार सदस्यों का आवेदन स्वीकार कर लिया गया है। विधान परिषद में अभी तक कांग्रसे के छह सदस्य थे।

अशोक चौधरी ने बुधवार को तीन अन्य विधान पार्षदों के साथ कांग्रेस छोड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के महासचिव सीपी जोशी उनका इस्तेमाल काम निकल जाने के बाद फेंक देने वाले वस्तु की तरह कर रहे थे। चौधरी ने कहा कि जोशी ही मेरे कांग्रेस छोड़ने का कारण हैं। हालांकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी ने कहा था कि इन चारों को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

TAGS: Congress, split, Bihar, Legislative, Council, Ashok, Choudhary, JDU
OUTLOOK 01 March, 2018
Advertisement