Advertisement
22 June 2024

असम में बाढ़ से स्थिति अब भी गंभीर, मरने वालों की संख्या बढ़कर 37 हुई

असम में बाढ़ की स्थिति शुक्रवार को भी गंभीर बनी रही लेकिन प्रभावित लोगों की संख्या में मामूली कमी आई है। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बुलेटिन में कहा गया है कि उदलगुरी जिले के खैराबारी राजस्व क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे इस वर्ष बाढ़, भूस्खलन और तूफान से मरने वालों की संख्या 37 हो गई है। बारपेटा जिले के सरथेबारी राजस्व क्षेत्र से एक और व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिली है।

कामरूप, तामुलपुर, हैलाकांडी, उदलगुरी, होजई, धुबरी, बारपेटा, विश्वनाथ, नलबाड़ी, बोंगाईगांव, बक्सा, करीमगंज, दक्षिण सलमारा, गोलपारा, दरांग, बाजाली, नागांव, कछार जिलों में कुल मिलाकर 3,90,491 लोग प्रभावित हुए हैं। बृहस्पतिवार को 19 जिलों में बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या 4,09,300 थी।

Advertisement

करीमगंज बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित जिला बना हुआ है, जहां 2,40,477 लोग बाढ़ के पानी से जूझ रहे हैं। इसके बाद दरांग में 61,389 लोग प्रभावित हैं।

TAGS: Flood situation, Assam, still serious, death toll rises
OUTLOOK 22 June, 2024
Advertisement