Advertisement
28 October 2018

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना का निधन

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे।

खुराना के परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। उनके एक बेटे का पिछले महीने निधन हो गया था।

भाजपा के वरिष्ठ नेता खुराना 1993 से 1996 तक दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे थे। उन्हें 2004 में राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।

Advertisement

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक खुराना के बेटे हरीश ने बताया, ‘‘ उन्होंने यहां कीर्ति नगर स्थित आवास में रात करीब 11 बजे अंतिम सांस ली।’’ उन्होंने कहा कि खुराना को छाती में संक्रमण था और पिछले कुछ दिनों से बुखार भी था। शनिवार सुबह से ही उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।

उन्हें पांच साल पहले ब्रेन हेमरेज हुआ था और तब से वह बीमार चल रहे थे। परिवार ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा।

मदन लाल खुराना का जन्म पाकिस्तान के फैसलाबाद में 15 अक्टूबर 1936 को हुआ था। ब्रिटिश राज में ये इलाका अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत के लायलपुर में पड़ता था।

1947 में देश के बंटवारे के बाद उनका परिवार भारत आ गया था. तब खुराना मात्र 12 साल के थे। उनका परिवार दिल्ली के कीर्ति नगर के रिफ्यूजी कॉलोनी में रहता था। खुराना ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से ग्रेजुएशन पास की थी।

केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक जताया।

हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘ भाजपा परिवार और दिल्ली के हमारे पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ श्री मदनलाल खुरानाजी के परिवार को मेरी गहरी संवेदना। उनका लंबी बीमारी के बाद आज निधन हो गया। मेरी संवेदनाएं उनके प्रियजनों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’’

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Former Delhi Chief Minister, senior BJP leader, Madan Lal Khurana, passed away
OUTLOOK 28 October, 2018
Advertisement