28 December 2016
पूर्व आईएएस अधिकारी बैजल होंगे दिल्ली के नये उपराज्यपाल
राष्ट्रपति ने जंग का इस्तीफा स्वीकार कर लिया और 70 साल के बैजल की नियुक्ति के भी आदेश दे दिए जो राष्ट्रीय राजधानी के 21वें उप राज्यपाल होंगे। वह 2006 में केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह दिल्ली विकास प्राधिकरण के पूर्व उप प्रमुख हैं।
बैजल मनमोहन सिंह सरकार द्वारा शुरू किए गए 60,000 करोड़ रुपए की लागत वाले जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन (जेएनएनयूआरएम) की अभिकल्पना एवं लोकार्पण से सक्रियता से जुड़े हुए थे।
वह थिंक टैंक विवेकानंद इंटरनेशनल की कार्यकारी परिषद में भी थे। थिंक टैंक के कई पूर्व सदस्यों को मोदी सरकार ने वरिष्ठ पदों पर नियुक्त किया है, जिनमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शामिल हैं। जंग ने 22 दिसंबर को पद से इस्तीफा दे दिया था।
भाषा