Advertisement
28 August 2018

बिहार: कोर्ट परिसर में कुख्यात गैंगस्टर संतोष झा की गोली मारकर हत्या

File Photo

बिहार के कुख्यात गैंगस्टर संतोष झा की सीतामढ़ी कोर्ट परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। एएनआई के मुताबिक, मंगलवार को उसे यहां पेशी के लिए लाया गया था। इसी दौरान घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। जख्मी हालत में संतोष झा को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

एक व्यक्ति गिरफ्तार, एक कोर्टकर्मी भी हुआ घायल

एक मामले में पेशी के दौरान मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के कक्ष के सामने ही बदमाशों ने संतोष झा पर गोलियां बरसाईं। बताया जा रहा है कि एक गोली सिर में और दूसरी गोली सीने में लगी। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। फिलहाल कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है।

Advertisement

सीतामढ़ी के एसपी विकास बर्मन ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ जारी है। एसपी के मुताबिक हत्या के इस मामले में दो-तीन हमलावरों के शामिल होने की आशंका है। बर्मन ने बताया कि फायरिंग के दौरान एक कोर्टकर्मी भी घायल हुआ है।

दो इंजीनियरों की हत्या में मिली थी उम्रकैद

बिहार के दरभंगा में हुई दो इंजीनियरों की हत्या के मामले में इसी साल मार्च में अदालत ने संतोष झा और मुकेश पाठक सहित दस दोषियों को उम्रकैद के साथ जुर्माने की सजा सुनाई थी। इस मामले में चार अन्य को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया था।

रंगदारी नहीं देने की वजह से इंजीनियरों को एक-47 से भून डाला

राज्य के सबसे खूंखार अपराधियों में शामिल संतोष झा के गिरोह ने 26 दिसंबर 2015 को बहेड़ी थाना क्षेत्र के शिवराम चौक पर एसएच-88 का निर्माण कार्य करा रहे इंजीनियर मुकेश कुमार और ब्रजेश कुमार की दिनदहाड़े एके-47 से अंधाधुंध गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया जाता है कि रंगदारी नहीं देने के कारण झा गिरोह ने इंजीनियरों को मौत के घाट उतार दिया था।

नक्सलियों की तर्ज पर बनाया था अपना संगठन

बिहार में बड़े निर्माण कार्यों में लगी निर्माण कंपनियों और व्यापारियों के लिए संतोष झा का गिरोह आतंक का प्रतीक बन गया था। गिरोह के सदस्यों के पास एके-47 जैसे प्रतिबंधित हथियार भी मौजूद थे। बताया जाता है कि नक्सलियों के ग्रुप की तर्ज पर संतोष झा ने भी अपना वर्चस्व बनाए रखने के लिए एक संगठन बना रखा था। दरअसल, संतोष खुद पहले एक नक्सली गिरोह में शामिल था। रिपोर्ट्स की मानें तो उसने एक नक्सली कमांडर को मरवाकर खुद को इस गिरोह का सरगना घोषित किया था। बाद में यही गिरोह निर्माण कंपनियों और व्यापारियों से अवैध वसूली करने लगा। बताया जाता है कि संतोष झा बिहार का पहला क्रिमिनल था जो पूरे प्रदेश में गैंग चलाता था। आरोप है कि संतोष जेल के भीतर से ही रंगदारी मांगने और गिरोह को सक्रिय रखने में जुटा था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Santosh Jha, Sitamarhi, bihar, santosh jha shot dead, gangster
OUTLOOK 28 August, 2018
Advertisement