Advertisement
23 January 2020

कल हो सकता है हेमंत सोरेन कैबिनेट में विस्तार, आठ मंत्री लेंगे शपथ

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कल अपने चार सदस्यीय कैबिनेट का विस्तार करेंगे। सोरेन ने आज राजभवन जाकर राज्यपाल द्रोपदी मुर्मु से मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि कल दोपहर में एक बजे राजभवन के बिरसा मंडप में कैबिनेट का विस्तार होगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा के सचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने भी कैबिनेट विस्तार की खबर पर मुहर लगाई है। कल कांग्रेस और झामुमो के कुल 8 मंत्री राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।

संवैधानिक प्रावधान के अनुसार, झारखंड में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। पिछली रघुबर दास सरकार ने पूरे कार्यकाल में एक जगह खाली ही रखी थी।

गठबंधन की जीत

Advertisement

29 दिसंबर को सोरेन ने झारखंड के मोरबाड़ी मैदान में 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कांग्रेस नेता राहुल सिंह के अलावा कई राजनेताओं ने हिस्सा लिया था। उसी दिन सोरेन के साथ दो कांग्रेस और एक आरजेडी के मंत्रियों ने भी शपथ ली थी।

मंत्रीपद बंटवारे पर है सहमति

कहा जा रहा है कि मंत्री पद के बंटवारे पर लगभग सहमति है। कल होने वाले विस्तार में कांग्रेस को और तीन मंत्री पद मिल सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो कांग्रेस के पास पांच मंत्री हो जाएंगे। झामुमो के खाते में भी पांच मंत्री पद हैं। जबकि राजद को पहले से ही एक पद दे दिया गया है। कांग्रेस कोटे से राजेन्द्र सिंह, दीपिका पांडेय तथा बन्ना गुप्ता को मंत्री बनाने की चर्चा है। झामुमो से स्टीफन मरांडी, चंपई सोरेन, हाजी हुसैन अंसारी, जगरनाथ महतो, दीपक बिरुआ तथा मथुरा महतो के नाम की चर्चा है।

भाजपा को मिली थी करारी हार

झामुमो-कांग्रेस-आरजेडी ने चुनाव से पहले ही गठबंधन कर लिया था। नतीजों में भाजपा को पछाड़ते हुए गठबंधन ने 81 में से 47 सीटों पर जीत हासिल कर ली थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Hemant Soren, Jharkhand cabinet
OUTLOOK 23 January, 2020
Advertisement