Advertisement
09 April 2022

बीजेपी में शामिल हुए हिमाचल के प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी, सिसोदिया बोले- जिसे हम पार्टी से निकालने वाले थे...

ट्विटर

हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी समेत 'आप' के अन्य नेता सतीश ठाकुर और इकबाल सिंह ने शनिवार को दिल्ली आकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में इन सभी नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। वहीं, अनूप केसरी के 'आप' छोड़कर जाने के तुरंत बाद पार्टी ने उनके चरित्र पर सवाल उठा दिए हैं।

'आप' नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि रात को 12 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उनके केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी के ऐसे व्यक्ति को भाजपा में शामिल करते हैं, जिसके खिलाफ ‘आप’ को शिकायतें मिली हुई हैं कि वे महिलाओं से गंदी बातें करते थे।

सिसोदिया ने कहा कि ऐसा आदमी जिसके खिलाफ हम जांच कराने वाले थे और जिस व्यक्ति को हम पार्टी से निकालने वाले थे, ऐसे व्यक्ति को भाजपा ने गले लगाकर अपनी पार्टी में स्वागत किया है।

Advertisement

गौरतलब है कि पंजाब में मिली प्रचंड जीत के बाद अब 'आप' की नजर हिमाचल प्रदेश पर है। हिमाचल प्रदेश में इस साल दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। 'आप' अब हिमाचल प्रदेश की सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इससे पहले, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और 'आप' नेता सत्येंद्र जैन ने भी घोषणा की थी कि पार्टी शिमला नगर निगम चुनाव लड़ेगी। चुनावी वादों के बारे में बात करते हुए जैन ने घोषणा की थी कि अगर 'आप' सरकार सत्ता में आती है तो हिमाचल के लोगों को मुफ्त बिजली और पानी के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Himachal Pradesh, President Anoop Kesari, joined, BJP, Manish Sisodia, AAP
OUTLOOK 09 April, 2022
Advertisement