Advertisement
11 June 2022

हिमाचल प्रदेशः राष्ट्रपति ने अटल टनल रोहतांग का दौरा किया, कहा- देश के भविष्य से जुड़ी हुई है यह सुरंग

ANI

राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने आज अटल टनल रोहतांग का दौरा किया। अटल सुरंग 10,000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर दुनिया की सबसे लंबी सुरंग है। यह सुरंग मनाली को दुर्गम लाहौल-स्पीति घाटी से जोड़ती है। इस अवसर पर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर उनके साथ उपस्थित थे। इससे पहले, राष्ट्रपति शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर हिमाचल प्रदेश पहुंचे थे।

दौरा करने के बाद राष्ट्रपति कोविंद ने इसके निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह सुरंग देश के भविष्य से जुड़ी हुई है। राष्ट्रपति ने हेलीपैड के समीप सिसु झील, चंद्रभागा नदी, जल प्रपात तथा घाटी की खूबसूरत वादियों में गहरी रुचि दिखाई। राष्ट्रपति के साथ उनकी धर्मपत्नी, देश की प्रथम महिला सविता कोविन्द और उनकी पुत्री भी उपस्थित थीं। इससे पहले, राष्ट्रपति  कोविन्द के सिसु हेलीपैड आगमन पर उनका राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्वागत किया। 

अटल टनल के साउथ पोर्टल पर सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), प्रोजेक्ट योजक के मुख्य अभियन्ता जितेंद्र प्रसाद ने अटल टनल के निर्माण और मनाली-लेह मार्ग पर भविष्य में बनने वाली अन्य महत्वपूर्ण सुरंगों के निर्माण के बारे में भी जानकारी दी।

Advertisement

बता दें कि हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रे में 13,058 फुट ऊंचे पहाड़ के नीचे बनी अटल सुरंग रोहतांग का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन अक्टूबर, 2020 को किया था। यह सुरंग हर मौसम में खुली रहती है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 11 June, 2022
Advertisement