Advertisement
06 November 2021

छठ पर्व पर दिल्ली में 10 नवंबर को सार्वजनिक छुट्टी, सियासी खींचतान के बीच ‘आप’ सरकार का ऐलान

दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के लिए 10 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश रखने की घोषणा की है। दिल्ली की सरकार ने आधिकारिक बयान में इस बात की जानकारी दी। बयान में छठ पूजा को दिल्ली के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण त्योहार बताया गया है। 8 नवंबर को नहाय-खाय के साथ इस पर्व की शुरुआत हो जाएगी। वहीं, 10 नवंबर को डूबते सूर्य को व्रतियों द्वारा अर्घ्य दिया जाएगा। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने पिछले सप्ताह आदेश जारी करके शहर में यमुना नदी तट के अलावा अन्य तय जगहों पर छठ पूजा करने की अनुमति दी थी।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा जारी एक नोट के अनुसार, ‘राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के लोगों के लिए छठ पूजा महत्वपूर्ण पर्व है। इसी आधार पर दिल्ली सरकार ने 10 नवंबर, 2021 को छठ पूजा के लिए सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की।’

बीते दिनों दिल्ली में छठ पूजा के आयोजन की अनुमति और गाइडलाइंस को लेकर डीडीएमए ने औपचारिक आदेश किया था। इसके मुताबिक, यमुना नदी के किनारे पर छठ पूजा के लिए कोई साइट नहीं बनाई जाएगी। रेवन्यू डिपार्टमेंट को छठ पूजा आयोजन के लिए साइट चिन्हित करने और उसे तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही डीडीएमए के आदेश में कोरोना नियमों का सख्ती से पालन किए जाने का निर्देश दिया गया है।

Advertisement

गाइडलाइंस के मुताबिक, श्रद्धालुओं के किसी भी तरह की पूजा की सामग्री या अनाज यमुना नदी में प्रवाहित करने की सख्त मनाही है। सभी जिलों के डीसीपी को सुनिश्चित करने को कहा गया है कि पूजा से जुड़ी को सामग्री या अन्य सामान्य यमुना में प्रवाहित न किया जाए। साथ ही ये भी सुनिश्चित किया जाए कि ऐसी कोई भी सामग्री यमुना की मुख्य धारा में जाकर न मिले।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Holiday, November 10, Delhi, Chhath festival, 'AAP' government, political tussle
OUTLOOK 06 November, 2021
Advertisement