Advertisement
28 January 2019

कांग्रेस ने भी खेला यूनिवर्सल बेसिक इनकम का दांव, राहुल ने बोला- देंगे न्यूनतम इनकम की गारंटी

छत्तीसग में बोले राहुल, 2019 में सरकार बनी तो मिलेगी न्यूनतम आमदनी गारंटी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी यूनिवर्सल बेसिक इनकम का दांव चल दिया है। उन्होंने सोमवार को छत्तीसगढ़ में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अगर 2019 में कांग्रेस की सरकार बनती है तो वह हर गरीब को न्यूनतम इनकम की गारंटी देगी। यानी गरीबों के एक खाते में न्यूनतम राशि दी जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का यह दांव इसलिए भी अहम है क्योंकि केंद्र की सत्ता में बैठी भारतीय जनता पार्टी भी लगातार यूनिवर्सल बेसिक इनकम लागू करने का संकेत देती रही है। मोदी सरकार में वित्त मंत्रालय के पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यन ने इकोनॉमिक सर्वे में यूनिवर्सल बेसिक इनकम की वकालत भी कर चुके हैं। जिसके बाद से यह बहस लगातार चलती रही है कि भाजपा 2019 के चुनावों के पहले वोटरों को लुभाने के लिए ऐसा दांव चल सकती है। ऐसे में राहुल गांधी का यह बयान एक तरह से क्रेडिट लेने की दौड़ में आगे निकल सकता है।

न्यूनतम आमदनी की गारंटी

राहुल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि हम आपके लिए काम करने आए हैं। यहां नेताओं के मन की नहीं आपके मन की बात होगी। राहुल ने कहा कि हम ऐसे कदम उठाने जा रहे हैं जो दुनिया की किसी सरकार ने नहीं उठाए होंगे। 2019 का चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस पार्टी की सरकार हर गरीब को न्यूनतम आमदनी की गारंटी देगी। यानी हर गरीब के बैंक अकाउंट में एक न्यूनतम राशि होगी।

Advertisement

हिंदुस्तान के चौकीदार के पास किसानों के लिए पैसा नहीं

राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ की जनता, युवाओं और किसानों को धन्यवाद दिया। राहुल ने कहा आपने कांग्रेस पर भरोसा किया, आपने हमें मामूली जिम्मेदारी नहीं दी है। हम दिल से कोशिश करेंगे कि अपनी जिम्मेदारी पूरी करें। राहुल ने कहा कि हम जब भी किसानों की बात करते थे तो पूर्व की भाजपा सरकार कहती थी कि हमारे पास पैसा नहीं है। दिल्ली में भी मोदी सरकार यही कहती थी। हिंदुस्तान के चौकीदार के पास किसानों के लिए पैसा नहीं है। 

अधिग्रहण का मिलेगा उचित मुआवजा

राहुल गांधी ने किसानों को आश्वासन दिया कि यदि कांग्रेस सरकार जमीन अधिग्रहण करेगी तो उसका उचित मुआवजा दिया जाएगा। यदि अधिग्रहण होने के पांच साल तक काम नहीं हुआ तो जमीन किसानों को वापस कर दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छत्तीसगढ़ पूरी दुनिया का धान का कटोरा बनेगा। भाजपा दो तरह का हिंदुस्तान बनाना चाहती है। एक उद्योगपतियों का और दूसरा गरीब किसानों का। लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी।

TAGS: congress, minimum income guarantee, rahul gandhi, raipur, chhattisgarh
OUTLOOK 28 January, 2019
Advertisement