Advertisement
02 June 2022

जम्मू-कश्मीर: निर्दोष लोगों की हत्या के खिलाफ श्रीनगर में अवामी आवाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन, की ये मांग

ANI

एक राजनीतिक दल के करीब एक दर्जन कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को यहां लाल चौक पर कश्मीर घाटी में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों सहित निर्दोष लोगों की हत्याओं को रोकने की मांग को लेकर धरना दिया। जम्मू-कश्मीर अवामी आवाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर के व्यावसायिक केंद्र लाल चौक पर घंटा घर के पास विरोध प्रदर्शन किया।

कार्यकर्ताओं ने तख्तियां लेकर घाटी में आतंकवादियों द्वारा निर्दोष लोगों की हत्या को रोकने की मांग को लेकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा, “हम यहां विरोध करने आए हैं। कश्मीरियों को न्याय कब मिलेगा? 1947से कश्मीरियों को क्यों मारा जा रहा है? यह रुकना चाहिए।”

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रशासन इन हत्याओं को रोकने और अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों के लिए एक सुरक्षित माहौल प्रदान करने में “विफल” रहा है। विरोध प्रदर्शन उस दिन हुआ जब आतंकवादियों ने राजस्थान के एक बैंक कर्मचारी की कुलगाम जिले में बैंक परिसर के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी। यह 1 मई के बाद से घाटी में आठवीं लक्षित हत्या है और एक गैर-मुस्लिम सरकारी कर्मचारी की तीसरी हत्या है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 02 June, 2022
Advertisement