Advertisement
19 January 2018

झारखंड: मिट्टी खाए बिना नहीं रह सकता 100 साल का ये बुजुर्ग

झारखंड: मिट्टी खाए बिना नहीं रह सकता 100 साल का ये बुजुर्ग | ANI

पिछले दिनों झारखंड में लगातार भूख से हो रही मौतों पर सियासत गरमायी हुई थी। वहीं, शुक्रवार यानी आज राज्य में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने यहां की बढ़ती गरीबी को बेनकाब कर दिया है। ये मामला 100 वर्षीय एक बुजुर्ग का है, जो पहले गरीबी के चलते मिट्टी खाने को मजबूर था, लेकिन अब ये उसके दैनिक आहार में शामिल हो गई है। घटना झारखंड के साहिबगंज की है।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, झारखंड के साहिबगंज में 100 वर्षीय करू पासवान मिट्टी खाए बिना नहीं रह सकते। उनका कहना है, मैंने 11 साल की उम्र में गरीबी की वजह से मिट्टी खाना शुरू किया था, बाद में यह मेरी आदत बन गई। करू के पास मिट्टी का खाली बर्तन और कुछ सूखी मिट्टी रखी हुई है। करू के शरीर को अब मिट्टी की ऐसी लत लग चुकी है कि बिना इसे खाए वह जीवित नहीं रह सकते हैं।

 

Advertisement


 

गौरतलब है कि इससे पहले राज्य में भूख के चलते होने वाली मौतों पर राजनीतिक बहस शुरू हो गई थी। पिछले साल अक्टूबर महीने में 11 साल की एक बच्ची की मौत भूख से हो गई थी। बच्ची की मां ने बताया था कि आधार कार्ड न होने के चलते उन्हें राशन देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद राज्य में सिलसिलेवार तीन-चार मौतों का मामला सामने आया, लेकिन प्रशासन हर बार भुखमरी से होने वाली मौतों को खारिज करता रहा है।

 

TAGS: JHARKHAND, 100-year old, Karu Paswan, eating mud
OUTLOOK 19 January, 2018
Advertisement