Advertisement
16 June 2024

झारखंड: विधानसभा चुनाव से पहले सरकार का ऐलान, अब घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त

रांची। राज्य सरकार अब झारखंड के घरेलू उपभोक्ताओं को मासिक 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त देगी। लोकसभा चुनाव में मिली बढ़त और इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए इसे जनता को प्रभावित करने वाली घोषणा मानी जा रही है।

रविवार को सरायकेला खरसावां में एक सरकारी समारोह में मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने यह घोषणा की। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 2022 में 100 यूनिट बिजली मुफ्त देने का एलान किया था। हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद सत्ता संभालते ही चम्पाई सोरेन ने इसकी सीमा बढ़ाकर 125 यूनिट कर दी।

मुख्यमंत्री ने यहां के राजनगर प्रखंड के शहीद ग्राम मतकमबेड़ा में 182 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया था 54 करोड़ की परिसंपत्ति का वितरण किया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 लाख लोगों को नए राशन कार्ड से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

Advertisement

मौके पर मुख्यमंत्री ने मरीजों के स्वास्थ्य की जांच के लिए ‘डीजी एप’ लॉन्च किया। इस ऐप के जरिए मरीजों के विभिन्न प्रकार की जांच रिपोर्ट उनके मोबाइल में मिल पाएगी। रिपोर्ट के लिए उन्हें अस्पताल का चक्कर नहीं लगाना होगा। प्रदेश की हर पंचायत में ऐसी व्यवस्था करने जा रहे हैं कि 24 घंटे दवा उपलब्ध हो सके।

झारखंड सरकार की महत्त्वाकांक्षी योजना सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले माह यानी जुलाई में इसे पुनः प्रारंभ किया जाएगा। इसके तहत लोगों के दरवाजे पर अधिकारी पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। मौके पर श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि श्रम विभाग 20 हजार नई वैकेंसी निकालने जा रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 16 June, 2024
Advertisement