Advertisement
09 October 2016

कानपुर की न्‍यायिक मजिस्‍ट्रेट की संदिग्‍ध परिस्थितियों में मौत

कानपुर की न्‍यायिक मजिस्‍ट्रेट की संदिग्‍ध परिस्थितियों में मौत | गूगल

प्रतिभा गौतम की तैनाती कनपुर देहात में करीब सवा साल पूर्व न्यायिक मजिस्ट्रेट (द्वितीय) के रूप में हुई थी। मूलतः उरई की रहने वाली प्रतिभा गौतम कानपुर नगर की सर्किट हाउस आफीसर्स कॉलोनी में रहती थीं, जबकि उनके पति मनु अभिषेक दिल्ली हाईकोर्ट में ही प्रेक्टिस करते हैं। मनु ने बताया कि शनिवार रात दिल्ली से कानपुर के लिए निकले थे, रात करीब 10 बजे आखिरी बार प्रतिभा से बात हुई थी, इसके बाद क बार फोन मिलाया लेकिन फोन नहीं उठा।

सुबह मनु घर पहुंचे तो गेट अंदर से बंद था, कई आवाजों के बाद भी जब गेट नहीं खुला तो पुलिस को खबर की। पुलिस गेट तुड़वाकर अंदर दाखिल हुई तो प्रतिभा का शव फांसी पर लटक मिला, उनके दोनों हाथ खून से बुरी तरह सने हुए थे। पुलिस ने पहले इसे आत्महत्या माना लेकिन दोनों हाथों की नशे कटी होने और फिर फांसी पर लटकने पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कोई दोनों हाथों की नशें नहीं काट सकता और काट भी ले तो उसके बाद फांसी पर नहीं लटक सकता।

मनु के अनुसार, उन्होंने लव मैरिज की थी, 29 अप्रैल को ही पार्टी करके अपनी शादी को सार्वजनिक किया था। प्रतिभा चार माह की गर्भवती थीं। मनु ने बताया कि प्रतिभा के परिवार वाले उनको स्वीकार नहीं कर रहे थे इस कारण कुछ खींचतान जरूर रहती थी। पुलिस को मनु और प्रतिभा के बीच विवाद की जानकारी मिली है। प्रतिभा शनिवार को ही अचानक दिल्ली गई थीं, वहां मनु से विवाद हुआ तो करोलबाग में ही रास्ते में कार से उतर कर कानपुर वापस आ गईं। इसके बाद मनु रात में दिल्ली से कानपुर के लिए निकले।

Advertisement

पुलिस के अनुसार प्रतिभा के पिता रिटायर्ड बैंक अधिकारी हैं और वर्तमान में उरई में ही उनका पेट्रोल पंप है। मनु और प्रतिभा दिल्ली में एक साथ पढ़ते थे वहीं उनकी मुलाकात हुई थी। प्रतिभा का परिवार मनु को नहीं चाहता था फिर भी प्रतिभा ने अपनी मर्जी से शादी कर ली। काफी दिनों तक वे शादी छिपाए रहे, पिछले अप्रैल में ही उन्होंने शादी सार्वजनिक की थी।

TAGS: कानपुर, न्‍यायिक मजिस्‍ट्रेट, खुदकुशी, मौत, दिल्‍ली, उरई, Kanpur, judicial magistrate, suicide, death, urai
OUTLOOK 09 October, 2016
Advertisement