Advertisement
07 March 2018

कर्नाटक के लोकायुक्त पीवी शेट्टी को कार्यालय में चाकू मारा

कर्नाटक के लोकायुक्त पीवी शेट्टी को कार्यालय में चाकू मारा

बेंगलूरू में आज एक सनसनीखेज घटनाक्रम में एक व्यक्ति ने कर्नाटक के लोकायुक्त जस्टिस पीवी शेट्टी को उनके कार्यालय में चाकू मार दिया। चाकू लगने के बाद उन्हें अस्पताल में पहुंचाया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। इस घटना के बाद उनके कार्यालय के बाहर अफरा-तफरी मच गई।

एक प्रत्यक्षदर्शी जय अन्ना ने बताया कि एक व्यक्ति ने जज की हत्या का प्रयास किया है। उसने जस्टिस शेट्टी पर चाकू से तीन वार किए। इसके बाद वे जमीन पर गिर गए। उन्होंने कहा कि आप देख सकते हैं कि सिद्दरमैया सरकार ने हमें किस तरह की सुरक्षा उपलब्ध कराई है। हालात बहुत ही खराब हैं।


Advertisement


घटना की जानकारी मिलने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया बेंगलूरू के घायल लोकायुक्त से मुलाकात करने के लिए माल्या अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से जस्टिस शेट्टी के बारे में जानकारी ली।  


इस बीच राज्य के गृहमंत्री रामालिंगा राजू ने बताया कि चाकू मारने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया गया है। उसे पुलिस की हिरासत में रखा गया है। उन्होंने कहा कि मुझे जो जानकारी मिली है उसके अनुसार एक व्यक्ति वकील होने का दावा कर उनके कार्यालय में गया था। इसके बाद उसने घटना को अंजाम दिया। गृहमंत्री ने बताया कि जस्टिस शेट्टी की स्थिति खतरे से बाहर है।


TAGS: Karnataka, Lokayukta, shetty, stabbed, office
OUTLOOK 07 March, 2018
Advertisement