Advertisement
29 January 2018

कासगंज हिंसा: तनाव के बाद अब स्थिति सामान्य, लोगों ने कहा- फिर से न हो ऐसी घटनाएं

ANI

उत्तर प्रदेश के कासगंज में शुक्रवार को तिरंगा यात्रा के दौरान शुरू हुई हिंसा के बाद अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। रविवार को हुई कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो स्थिति नियंत्रण में ही रही। हिंसा के सिलसिले में रविवार को 32 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि 51 अन्य को पुलिस ने हिरासत में लिया। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हत्या के आरोप में अब तक 32 लोगों को जेल भेजा गया है, इसके अलावा 51 लोगों को हिरासत में लिया गया है।      

इंस्पेक्टर जनरल संजीव कुमार ने कहा कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और पुलिस बल स्थिति के बारे में सतर्क हैं।

कुमार ने कहा,   "स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। आज कोई घटना नहीं हुई, पुलिस बल स्थिति पर नजर रखने के लिए तैनात किए गए हैं।”

Advertisement

वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में वापस लौट रहा है, लेकिन प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसी घटनाएं फिर से न हों।

बता दें कि गणतंत्र दिवस पर उत्तर प्रदेश के कासगंज शहर में 'तिरंगा यात्रा' के दौरान दो समुदायों के बीच संघर्ष के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। दोनों समूहों ने कथित तौर पर एक-दूसरे पर पत्थर फेंके और एक-दूसरे पर गोलीबारी भी की। गोली लगने से चंदन गुप्ता का निधन हो गया।

हिंसा की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौत पर शोक व्यक्त किया और पुलिस को अपराधियों के साथ कड़ाई से निपटने के लिए कहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Kasganj violence, stress, situation is normal, Kasganj Clashes
OUTLOOK 29 January, 2018
Advertisement