अर्नब गोस्वामी गिरफ्तार: जानें क्या है 2018 का वह मामला जिसमें मुंबई पुलिस ने लिया एक्शन
मुंबई पुलिस ने बुधवार सुबह रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ अर्नब गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस बुधवार की सुबह-सुबह अर्नब के घर पहुंची और फिर उन्हें गिरफ्तार किया और उन्हें अपने साथ अलीबाग ले गई है।
गिरफ्तारी पर अर्नब ने पुलिस पर अपने और परिवार के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। रिपब्लिक टीवी ने कुछ वीडियो दिखाया है, जिसमें पुलिस और अर्नब के बीच झड़प होती दिख रही है। मुंबई पुलिस ने 2018 से जुड़े एक केस के सिलसिले में अर्नब के खिलाफ यह कार्रवाई की है।
दरअसल, वरिष्ठ पत्रकार को जिस मामले में गिरफ्तार किया गया है, वह मामला 2018 का है, जब एक 53 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक और उनकी मां कुमुद नाइक ने मई 2018 में अलीबाग में आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद एक सुसाइड नोट मिला था, जो कथिततौर पर अन्वय द्वारा लिखा गया था। इस सुसाइड नोट में उन्होंने कहा था कि अर्नब गोस्वामी और दो अन्य ने उन्हें 5.40 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया, जिसकी वजह से उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई और उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
आरोप था कि अर्नब ने दफ़्तर का काम करवाने के बाद उनके 83 लाख नही दिए गए। पुलिस ने खुदकुशी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की लेकिन बाद में केस बंद कर दिया गया। राज्य में सरकार बदलने के बाद पीड़ित परिवार ने एकबार फिर से मुद्दा उठाया और न्याय की गुहार लगाई।
इसके पहले मई महीने में ही महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा था कि सीआईडी पूरे मामले की फिर से जांच करेगी। पिछले साल केस को रायगढ़ पुलिस ने बंद कर दिया था। नाइक की बेटी अदन्या ने भी कहा था कि रिपबल्कि टीवी द्वारा पैसे नहीं चुकाए जाने के कारण उसके पिता और दादी ने आत्महत्या की थी।
पुलिस के मुताबिक, मामले में 2 और लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। एक नितेश सारडा जिस पर खुदकुशी नोट में 55 लाख रुपये बाकी होने का आरोप है दूसरा फिरोज शेख, जिस पर 4 करोड़ रुपये बाकी होने का आरोप है। सरकार में शामिल कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना ने इसका स्वागत किया है जबकि बीजेपी इसे तानाशाही बता रही है। आरोप है कि सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत को अर्नब ने मुद्दा बनाकर मुंबई पुलिस और ठाकरे सरकार को घेरना शुरू किया था। इसलिए बदले की भावना से सरकार ये कार्रवाई कर रही है।
समाचार एजेंसी एएनआई ने आज सुबह अर्नब को हिरासत में लिए जाने के दौरान का वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में पुलिस बल हैं। अर्नब गोस्वामी को मुंबई पुलिस अपने साथ वैन में ले जाती दिख रही है।अर्नब गोस्वामी ने मुंबई पुलिस पर आरोप लगाया है कि पुलिस ने सास-ससुर, बेटे और पत्नी के साथ मारपीट की है। रिपब्लिक टीवी ने अपने वीडियो फुटेज में दावा किया है कि मुंबई पुलिस ने अर्नब गोस्वामी के साथ भी मारपीट की है।