Advertisement
05 November 2020

मध्य प्रदेश में भी लव जिहाद के खिलाफ बनेगा कानून, मुख्यमंत्री शिवराज ने लिया फैसला

संघ प्रमुख मोहन भागवत के भोपाल में तीन दिन के प्रवास पर भाजपा की मध्य प्रदेश सरकार ने लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने गृह विभाग की समीक्षा के दौरान इस बात को कहा। यह फैसला ऐेसे समय लिया गया है जब भोपाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय बैठक शुरू हो गई है और इसमें लव जिहाद के मुद्दे पर मंथन होने वाला है।

संघ प्रमुख मोहन भागवत इस बैठक में शामिल होने के लिए आज ही भोपाल आये है। इसमें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के संघ पदाधिकारी शामिल होंगे। इसमें आदिवासियों के धर्म परिवर्तन और लव जिहाद जैसे विषयों पर गंभीर मंथन होना है। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए रणनीति भी तैयार की जायेगी।

संघ की इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान ही मध्य प्रदेश सरकार ने लव जिहाद संबंधी कानून बनाने का फैसला लिया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के धर्म परिवर्तन की गतिविधियों को रोका जायेगा। प्रदेश में लव जिहाद एवं शादी के लिए धर्म परिवर्तन किसी भी रूप में नहीं चलेगा। यह पूर्ण रूप से अवैध और गैर-कानूनी है।

Advertisement


लव जिहाद का मामला संघ और भाजपा की ओर से लगातार उठाया जाता रहा है। संघ इसे हिन्दू महिलाओं को मुस्लिम बनाने की साजिश के तौर पर देखता है। यही वजह है कि शिवराज सरकार ने संघ के एजेंडे को ध्यान में रखते हुए इस तरह का फैसला किया है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: मध्य प्रदेश, लव जिहाद, लँव जिहाद कानून, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, Law against love jihad, love jihad, Madhya Pradesh, Chief Minister Shivraj
OUTLOOK 05 November, 2020
Advertisement