Advertisement
08 June 2020

पश्चिम बंगाल में 30 जून, मिजोरम में दो सप्ताह के लिए बढ़ा लॉकडाउन, बढ़ते मामलों पर लिया फैसला

FILE PHOTO

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को घोषणा की कि राज्य में 15 जून को समाप्त होने वाले लॉकडाउन को अगले 15 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है। यानी अब राज्य में 30 जून तक लॉकडाउन रहेगा। राज्य में कोरोना के मामले में लगातार इजाफा हो रहा है जिसके चलते यह फैसला लिया गया है। वहीं, मिजोरम में भी दो सप्ताह के लिए लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला लिया गया है। यह बढ़ोतरी 9 जून से मानी जाएगी।

मंत्रिमंडल की एक बैठक के बाद उन्होंने कहा कि राज्य में बंद को 30 जून तक बढ़ाया जा रहा है, सभी मौजूदा रियायतें और शर्तें पूर्ववत रहेंगी। इससे पहले, हमने सामाजिक कार्यक्रमों जैसे विवाह या अंतिम संस्कार में 10 लोगों के शामिल होने को मंजूरी दी थी जिसकी सीमा अब बढ़ाकर 25 कर दी गई है।

इन्हें दी गई ढील

Advertisement

ममता बनर्जी सरकार ने राज्य में लॉकडाउन की शर्तों में एक जून से ढील देते हुए धार्मिक स्थलों को खोलने तथा जूट, चाय और निर्माण क्षेत्र में काम पूरी तरह से शुरू करने को मंजूरी दी थी। करीब दो महीने के बाद पश्चिम बंगाल में सोमवार को शॉपिंग मॉल, रेस्तरां और अन्य प्रतिष्ठानों ने अपनी सेवा शुरू की जिसकी इजाजत राज्य सरकार ने लॉकडाउन में और ढील देते हुए दी है।

मिजोरम की जोरमथंगा सरकार ने बढ़ाया लॉकडाउन

वहीं, मुख्यमंत्री जोरमथंगा की अगुआई में मिज़ोरम सरकार की एक अहम बैठक हुई, जिसमें लॉकडाउन को दो सप्ताह के लिए बढ़ाने का फ़ैसला लिया गया। लॉकडाउन में यह बढ़ोतरी 9 जून से मानी जाएगी। मणिपुर सरकार ने लॉकडाउन को 30 जून तक बढ़ाने का फ़ैसला पिछले सप्ताह ही कर लिया था।  इसके अलावा तमिलनाडु, महाराष्ट्र और पंजाब ने भी 30 जून तक लॉकडाउन पहले ही बढ़ा दिया था, लेकिन उन सरकारों ने कई तरह की छूट देने का एलान भी किया था। लॉकडाउन में सोमवार यानी 8 जून से ही रियायतें दी जा रही हैं। ये रियायतें ऐसे समय दी जा रही हैं जब देश में कोरोना से 2,56,000 से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं।

449 नए मामले सामने आए

पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के 449 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ, पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 8,187 तक पहुंच गए है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार इन मामलों में 3,303 ठीक हो गए हैं और 396 की मौत हो गई है। कुल 8187 मामलों में से कोलकाता में कोविड-19 मामलों की संख्या सबसे अधिक है। यहां 184 केस दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही हावड़ा में 79, उत्तर 24 परगना में 46, पूर्व मेदिनीपुर में 21 और हुगली में 12 मामले सामने आए हैं। भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुल मामलों में पश्चिम बंगाल नंबर 8 पर है। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 85975 मामले हैं, जो भारत के सभी राज्यों में सबसे ज्यादा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Lockdown, extended, two weeks, Mizoram, 30 June, West Bengal, decision, rising, Corona
OUTLOOK 08 June, 2020
Advertisement