मध्य प्रदेश: मोदी के जन्मदिन पर श्रमदान करने के बाद मंत्री पड़े बीमार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम हुए। इसे लेकर भाजपा के नेता-मंत्रियों में भी खासा उत्साह था। लिहाजा मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में भी मोदी के जन्मदिवस को धूम-धाम से मनाया गया। इस दौरान श्रमदान कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जिसमें केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ. विरेन्द्र कुमार भी शामिल हुए।
समाचार पत्र दैनिक भास्कर के मुताबिक, मंत्री डॉ. विरेन्द्र कुमार को श्रम दान करना महंगा पड़ गया। क्योंकि श्रमदान करने के बाद वे बीमार पड़ गए। जिसके बाद दोपहर में उन्हें डॉक्टरों द्वारा उन्हें ड्रिप चढ़ाई गई। उन्हें ब्लड प्रेशर और शुगर की समस्या बताई गई है।
गौरतलब है कि पीएम मोदी अब 67 साल के हो गए हैं। उन्होंने अपने जन्मदिन की शुरुआत गांधीनगर में मां हीरा बा से आशीर्वाद लेकर की। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी अपनी मां से मिलने भारी भरकम सुरक्षा व्यस्था के बगैर ही गए। प्रधानमंत्री मोदी के प्रसंशक भी पूरे देशभर में इस खास दिन को मना रहे थे।
इस दिन मोदी ने नर्मदा जिले के केवडिया में सरदार सरोवर नर्मदा बांध परियोजना देश को समर्पित किया। इस बांध की ऊंचाई हाल ही में बढ़ाकर 138.68 मीटर की गई है। इस बांध का शिलान्यास देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने किया था, अब इसका उद्घाटन पीएम मोदी ने किया।