Advertisement
20 October 2022

पनवेल से प्रतिबंधित पीएफआई के चार कार्यकर्ता गिरफ्तार, महाराष्ट्र एटीएस ने दबोचा

पनवेल से प्रतिबंधित पीएफआई के चार कार्यकर्ता गिरफ्तार, महाराष्ट्र एटीएस ने दबोचा

महाराष्ट्र पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने मुंबई से सटे रायगढ़ जिले के पनवेल से प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पाबंदी के बावजूद ये सभी संगठन की गतिविधियां संचालित कर रहे थे। 

समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि गिरफ्तार लोगों में एक स्थानीय इकाई सचिव और संगठन की राज्य विस्तार समिति के दो अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।

एटीएस के अनुसार गिरफ्तार लोगों में प्रतिबंधित संगठन का पनवेल सचिव और दो अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। ये पनवेल में बैठक कर रहे थे। उन्हें आज सुबह करीब 4 बजे गिरफ्तार किया गया। पनवेल मुंबई से करीब 50 किलोमीटर दूर है। पूछताछ के बाद चारों को गैर कानूनी गतिविधि (रोकथाम) कानून की धारा 10 के तहत मुंबई में एटीएस की कालाचौकी इकाई में दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया। एटीएस मामले की आगे जांच कर रहा है। 
 
बता दें कि केंद्र सरकार ने पिछले महीने पीएफआई और उसके कई सहयोगियों पर आईएसआईएस जैसे वैश्विक आतंकी समूहों से संपर्क होने का आरोप लगाते हुए पांच साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। पिछले माह पीएफआई से कथित रूप से जुड़े 250 से ज्यादा लोगों को पिछले महीने कई राज्यों में छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया था। 
TAGS: Maharashtra Anti-Terrorism Squad, Maharashtra ATS, 4 PFI activists, Raigad district
OUTLOOK 20 October, 2022
Advertisement