Advertisement
11 April 2020

महाराष्ट्र के बाद पश्चिम बंगाल में भी लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ा, ऐसा करने वाला चौथा राज्य

ANI

महाराष्ट्र के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ाए जाने का ऐलान कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम के साथ हुई बैठक के बाद इस बात की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य में लॉकडाउन 30 अप्रैल तक जारी रहेगा और सभी शैक्षणिक संस्थान 10 जून तक बंद रहेंगे। उन्होंने लोगों से धार्मिक परंपराएं घरों में ही करने की अपील भी की है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्रियों के बीच एक वीडियो सम्मेलन के बाद यह निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ाया जाएगा। हम सभी सहमत हैं। इस प्रकार, मैंने लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ाने का फैसला किया है।" बता दे कि देश में 25 मार्च से लॉकडाउन है। यह 14 अप्रैल को समाप्त होने वाला था।

महाराष्ट्र, पंजाब, ओडिशा बढ़ा चुके हैं अवधि

Advertisement

इससे पहले महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने भी 30  अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया है। पंजाब और ओडिशा पहले ही अपने राज्यों में जारी लॉकडाउन की अवधि को बढ़ा चुके हैं। संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से सामने आ रहे हैं। महाराष्ट्र में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1,800 के पार पहुंच गया है। राज्य में अबतक सबसे ज्यादा 110 लोगों की मौत हुई है।

राज्यों ने भी की वकालत

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाने की वकालत की। केजरीवाल ने राष्ट्रीय स्तर पर लॉकडाउन आगे जारी रखने की मांग की। प्रधानमंत्री ने लगातार तीसरी बार आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत की। मोदी इस दौरान गमछे को ही मास्क जैसे लगाए नजर आए। पीएम मोदी मुख्यमंत्रियों से ऐसे समय में बात कर रहे हैं जब माना जा रहा है कि सरकार देशभर में लागू लॉकडाउन को कुछ संभावित छूट के साथ बढ़ा सकती है।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 11 April, 2020
Advertisement