Advertisement
08 March 2021

रांची में मॉब लिंचिंग: जन्‍मदिन के दिन मिली मौत, चोरी का आरोप लगा लोगों ने पीटकर मार डाला

FILE PHOTO

रांची। यह भी मॉब लिंचिंग का मामला है। चोरी का आरोप लगा लोगों की भीड़ ने पीटकर मार डाला। राजधानी रांची के ही सदर थाना के अपर बाजार का मामला है। यह थोक मंडी वाला बहुत घनी आबादी वाला इलाका है। रविवार को एक टाटा 407 ट्रक चोरी चला गया था। बस शक के आधार पर कोई तीन दर्जन मोटिया मजदूरों ने 22 साल के सचिन को पकड़ा और बांधकर मन भर पीटा। उतने में भी तसल्‍ली नहीं हुई तो गर्म रॉड से दागा। पुलिस को जानकारी हुई तो उसे किसी तरह सदर अस्‍पताल पहुंचाया। सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई। उसके शरीर पर गर्म रॉड से दागे जाने के अनेक निशान हैं।

खबर लगते ही परिजन और उनके जानने वाले अस्‍पताल पहुंचे और लाश लेकर कोतवाली थाना पहुंच थाने का घेराव किया। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। घटना स्‍थल और सदर थाना में ज्‍यादा दूरी नहीं है। रात भर इतने लोग बांधकर पीटते रहे मगर पुलिस को भनक तक नहीं लगी। परिजनों ने कहा कि आज सचिन का जन्‍मदिन था मगर दरिंदों ने मौत की नींद सुला दी। परिजनों के दबाव पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ चल रही है।

सचिन करीब के ही भुतहा तालाब के पास का रहने वाला था। पुलिस भी मानती है कि सचिन का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। सचिन के परिजनों के अनुसार उसे पीने की आदत जरूर थी, पर कभी किसी अपराध में वह जेल नहीं गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 08 March, 2021
Advertisement