Advertisement
13 July 2021

दिल्ली में 16 दिन देरी से मानसून की दस्तक, कई इलाकों में हो रही झमाझम बारिश

FILE PHOTO

आखिरकार लंबे इंतजार के बाद राजधानी दिल्ली में मानसून ने दस्तक दे दी है। राजधानी के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। काफी इंतजार के बाद बारिश होने की वजह से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है वहीं मौसम भी काफी सुहाना हो गया है। नोएडा में भी सुबह से तेज हवाएं चल रहीं हैं। लगातार बादल छाए हुए हैं। वहीं नोएडा के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की भी खबर है।

पिछले काफी दिनों से राजधानी में भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी से दिल्ली के लोगों का बुरा हाल था। हालात ऐसे हो गए थे कि लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा था। आज मानसून की दस्तक और ठंडी हवाओं की वजह से गर्मी से काफी हद तक राहत मिल गई है। सुबह से ही मौसम का मिजाज दिल्ली-एनसीआर में बदला हुआ है। अब बारिश की दस्तक के साथ ही लोग मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं। लंबे इंतजार के बाद हो रही बारिश का दिल्ली के लोग खुलकर मजा ले रहे हैं।

मौसम विभाग ने सोमवार को भी दिल्ली समेत उत्तर भारत में बारिश का अनुमान जताया था, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी कल दिल्ली में बारिश नहीं हुई थी। लेकिन उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश की खबरें सामने आई थीं। आज राजधानी में बारिश की दस्तक के साथ ही उमस भी बढ़ सकती है। दिल्ली के अकबर रोड पर तेज बारिश हो रही है। सड़के पूरी तरह से पानी से सराबोर हो गई हैं। शाहजहां रोड पर भी लोग बारिश का आनंद लेते दिखे। पिछले काफी दिनों से राजधानी के लोग चिलचिलाती धूप और गर्मी से परेशान थे। वहीं दिल्ली-मथुरा रोड पर भी बारिश की वजह से जल-भराव हो गया है। वहीं एम्स फ्लाई ओवर के पास पानी भर गया है।

Advertisement

बता दें कि आईएमडी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य तिथि से 16 दिन बाद आज राजधानी पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 19 सालों में यह पहली बार है जब मानसून तय समय से लेट राजधानी में पहुंचा है। साल 2002 में 19 जुलाई को मानसून ने दिल्ली में दस्तक दी थी। जब कि आमतौर पर मानसून  27 जून के  आस पास दिल्ली पहुंचता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Monsoon, lands, in Delhi, 16 days behind, schedule, brings rain
OUTLOOK 13 July, 2021
Advertisement