Advertisement
12 April 2020

शिवराज कैबिनेट का 15 को हो सकता है गठन, कमलनाथ ने सरकार बनाने की टाइमिंग पर उठाए सवाल

शिवराज कैबिनेट का गठन 15 अप्रैल को संभव | File Photo

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह 15 अप्रैल को मंत्रिमंडल का गठन कर सकते हैं। 15 अप्रैल को लॉकडाउन के 21 दिन पूरे हो रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने 15अप्रैल से राज्य में गेंहू के खरीदी की घोषणा की है। लॉकडाउन की वजह से गेंहू की सरकारी खरीद में काफी विलम्ब हो चूका है। इससे इतर राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि शिवराज कैबिनेट में  25 मंत्री शपथ ले सकते हैं। वहीं, पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना है। बता दें, शिवराज ने 22  मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ  ली थी। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश, पूरे विश्व में एक ही प्रदेश है, जहां ना तो स्वास्थ्य मंत्री है और ना ही गृह मंत्री। 

केंद्र ने लॉकडाउन करने में काफी वक्त लगाया

कमलनाथ ने फैल रहे कोरोना महामारी को लेकर केंद्र सरकार और शिवराज सरकार पर निशाना साधा । उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी ने इस गंभीर बीमारी को लेकर काफी पहले ही चिंता जाहिर की थी।  

Advertisement

पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि केंद्र सरकार ने कोरोना की गंभीरता को समझने में ज्यादा वक्त लगा दिया और 40 दिनों के बड़े अंतर के बाद लॉकडाउन जैसा महत्वपूर्ण फैसला लिया, क्योंकि उस दौरान केंद्र सरकार का ध्यान राज्यसभा चुनाव को देखते हुए सांसदों को अपने पक्ष में करने पर था। इस वजह से कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण फैसले लेने में भारी देरी की गई। 

कोरोना की लड़ाई में कांग्रेस सरकार के साथ

आगे उन्होंने कहा, “आज पूरी दुनिया गंभीर महामारी की चपेट में है। दुनिया के सभी देश सामूहिक तौर पर इसका समाधान तलाश रहे हैं। प्रत्येक दिन हजारों लोग इस महामारी की चपेट में आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी इस महामारी की लड़ाई में केन्द्र सरकार के साथ है।  मैं इसे दोहराना चाहता हूं कि कांग्रेस कोरोना वायरस के खिलाफ केन्द्र सरकार की यथासंभव मदद के लिए तैयार है।” 

TAGS: MP cabinet, likely to formed on 15 April, congress, kamalnath, covid19
OUTLOOK 12 April, 2020
Advertisement