Advertisement
03 September 2018

गाड़ी पर पथराव को लेकर बोले शिवराज, कांग्रेस मेरे खून की प्यासी

File Photo

चुनावी तैयारियों के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। लेकिन उनके 'रथ' पर रविवार रात प्रदेश के सीधी जिले के चुरहट में कथित तौर पर पथराव किया गया।

इस पर शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस मेरे खून की प्यासी हो गई है। मध्य प्रदेश की राजनीति में यह कभी नहीं हुआ। विचारों का संघर्ष चलता था, अलग-अलग पार्टियां अपने-अपने काम करती थीं लेकिन कभी यह नहीं हुआ।‘

उन्होंने आगे कहा, मैं राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मप्र राज्य कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से पूछना चाहता हूं कि वे देश को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं? क्या यह नेता और कार्यकर्ताओं के लिए ठीक है। उनके नेता और कार्यकर्ता क्या कर रहे हैं, क्या यह सही है।

Advertisement

क्या है मामला

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, चुरहट थाना प्रभारी राम बाबू चौधरी ने बताया कि रविवार को पथराव के दौरान मुख्यमंत्री रथ में मौजूद थे।

भाजपा ने कांग्रेस पर लगाए आरोप

इसे लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर पथराव कराने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हए ट्वीट किया, 'चुरहट विधानसभा क्षेत्र में शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा के रथ पर किया गया पथराव कायराना हरकत है। सभ्य समाज में ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जनता इस कायरता का करारा जवाब कांग्रेस को देगी।'

वहीं, प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पराशर ने ट्वीट करते हुए कहा कि चुरहट में जन आशीर्वाद यात्रा को मिले अपार जनसमर्थन से लोग कायरों की तरह पथराव पर उतर आए। पूरे प्रदेश की जनता और ईश्वर मुख्यमंत्री के साथ हैं। कायराना हरकत करने वालों, जनता तुम्हारी कायरता का करारा जवाब देगी।


अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: MP, CM, Shivraj singh chauhan, jan ashirvad yatra
OUTLOOK 03 September, 2018
Advertisement