Advertisement
15 June 2020

मुंबई में आज से शुरू हुईं लोकल ट्रेन, सिर्फ एसेंशियल स्टाफ को होगी यात्रा की अनुमति

भारत में जानलेवा कोरोना वायरस से महाराष्ट्र सबसे ज्यादा जूझ रहा है। यहां अब तक एक लाख से ज्यादा लोग इस संक्रमण का शिकार हो चुके हैं। महाराष्ट्र में इस वायरस ने सबसे ज्यादा तबाही मुंबई में मचाई है। वहीं, मुंबई में कोविड-19 के अब तक 57 हज़ार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। इस बीच आज से मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन की सेवाएं शुरू हो गई हैं। वेस्टर्न रेलवे ने खुद ट्वीट कर इस खबर की जानकारी दी।

हालांकि, अभी इन ट्रेनों में सिर्फ जरूरी स्टाफ को ही यात्रा करने की अनुमति होगी। पश्चिम रेलवे और सेंट्रल रेलवे ने रविवार रात फैसला लिया कि मुंबई में कुछ रेल सेवाओं को दोबारा शुरू किया जाए। वेस्टर्न रेलवे ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस खबर की पुष्टि की।

बता दें कि कोरोना वायरस के मद्देनजर लगाए गए लॉकडाउन के कारण काफी समय पहले इस सेवा को बंद कर दिया गया था। ये सेवा सेंट्रल रेलवे की मेन और हार्बर दोनों लाइनों के बीच शुरु की गई है।

Advertisement

रेलवे के ट्वीट के अनुसार पश्चिम रेलवे ने निर्णय लिया है कि मुंबई में सोमवार से चुनिंदा रूट पर ही नियम व शर्तों के साथ ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। सोमवार सुबह 5:30 बजे से ट्रेन चलनी शुरु हो गई है। 15 मिनट के अंतराल के साथ यह ट्रेनें रात 11:30 बजे तक चलाई जाएंगी।

आज से शुरू हुई इन आवश्‍यक सेवाओं से जुड़े लगभग 1.25 लाख लोगों को अपने गंतव्‍य तक पहुंचने में सुविधा होगी। सोमवार सुबह 5 बजकर 30 मिनट पर चर्चगेट से विरार के लिए पहली लोकल ट्रेन रवाना हुई।

गौरतलब है कि गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने आवश्यक सेवाओं में लगे लोगों की सुविधा व सुरक्षित आवागमन करने के लिए लोकल ट्रेनों के महत्व पर जोर दिया था। इसके अलावा, सीएम उद्धव ठाकरे ने पहले ही केंद्र से लोकल ट्रेन शुरु करने की बात कही थी।

बता दें कि आम दिनों में मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में प्रतिदिन लगभग 80 लाख लोग मुंबई के एक कोने से दूसरे कोने तक यात्रा करते हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Mumbai Local, Trains, Resume, From Today, People, In Essential Services
OUTLOOK 15 June, 2020
Advertisement