Advertisement
22 February 2017

नाजीमा बनीं मणिपुर की पहली मुस्लिम महिला उम्मीदवार

नाजीमा बीबी अचानक खबरों में आ गई हैं। चुनाव लड़ने पर उन्हें धमकी दी जा रही है। लेकिन वह मजबूती से खड़ी हुई हैं। नाजीमा इरोम शर्मिला की पार्टी पीआरजेए की उम्मीदवार हैं। वह वाबगई निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं। नाजीमा ने कहा कि इरोम शर्मिला के अफ्स्पा के खिलाफ 16 साल तक किए उपवास से प्रभावित थीं और उनके राजनीतिक पार्टी का गठन करते ही उन्होंने उसमें शामिल होने का मन बना लिया था।

उन्होंने कहा,  इरोम की लड़ाई ने हमेशा मुझे आकर्षित और प्रेरित किया। सभी बाधाओं के खिलाफ उनकी अथक लड़ाई इस बात का उदाहरण है कि एक मणिपुरी महिला कितनी शक्तिशाली हो सकती है। इसलिए जब उन्होंने राजनीति में आने का निर्णय लिया तभी मैंने उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का मन बना लिया।

नाजीमा का जीवन बेहद मुश्किलों भरा रहा है और आज वह मणिपुर से विधानसभा चुनाव लड़ने वाली पहली मुस्लिम महिला हैं। वह अपने परिवार में पहली लड़की थी जिन्होंने 10वीं की कक्षा उत्तीर्ण की थी। कक्षा में अकेली छात्रा होने के कारण उन्हें स्कूल में कई तरह के तानों और प्रताड़ना का सामना भी करना पड़ा था।

Advertisement

एक महिला के उम्मीदवार हो जाने से मणिपुर के प्रसिद्ध मदर बाजार की महिला व्यापारियों को भी उम्मीद है कि उनकी दुकानों की मरम्मत की और बेहतर योजनाएं बनेंगी। मदर बाजार की महिला व्यापारी चाहती हैं कि एक साल पहले आए भूकंप से क्षतिग्रस्त हुए उनके दुकानों की मरम्मत जल्द की जाए। मणिपुर का मदर बाजार या इमा खेतील सदियों पुराना है और यह महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे एशिया का सबसे बड़ा बाजार है। यह सिर्फ बाजार न होकर महिला सशक्तिकरण की एक पहचान भी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: najima bibi, manipur, नाजिमा बीबी, मणिपुर
OUTLOOK 22 February, 2017
Advertisement