Advertisement
29 March 2020

पंजाब में कोरोना से बदहाल 'एनआरआई बेल्ट', सिर्फ नवांशहर में मिला राज्य का 50 फीसदी मामला

पंजाब के कुल 38 कोरोनावायरस मामलों में से 19 मामले  नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर) जिले के हैं। नवांशहर जिले को 'एनआरआई बेल्ट' के नाम से भी जाना जाता है।  19 पॉजिटिव मामलों में से 18 केस जर्मनी के 70 वर्षीय व्यक्ति बलदेव सिंह के परिवार के सदस्य और मित्र हैं। बलदेव सिंह का पिछले सप्ताह निधन हो गया।"

नवांशहर के सिविल सर्जन राजिंदर प्रसाद भाटिया आउटलुक को बताते हैं, "16 कोरोना पॉजिटिव मरीज 70 वर्षीय व्यक्ति के परिवार के सदस्य हैं, जबकि 2 अन्य ने इटली के रास्ते जर्मनी से लौटते समय उनके साथ यात्रा की थी। वहीं एक उसका पैतृक गांव का सरपंच है जो उसके संपर्क में आया था। ” पंजाब के दूसरे 'एनआरआई बेल्ट', होशियारपुर और जालंधर में छह और चार कोविद -19 के मामले पाए गए हैं।

बलदेव सिंह नवांशहर के गांव पत्थलवा के रहने वाले थे और 7 मार्च को इटली के रास्ते जर्मनी से आए थे। 18 मार्च को उच्च रक्तचाप के कारण एक अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई। इस दौरान उनके संपर्क में आये परिवार के लगभग सभी सदस्य संक्रमित हो गए।

Advertisement

फिलहाल नवांशहर में 1342 लोगों को होम क्वारनटीन में रखा गया है। जबकि 1023 लोग निगेटिव पाए गए हैं।

बता दें कि जनवरी के आखिरी से लगभग 56,000 एनआरआई पंजाब लौट आए हैं, जिनमें से 1,591 नवांशहर आए हैं।  30,000 लोगों को आइसोलेट कर दिया गया है। ज्यादा संक्रमण को रोकने के लिए नवांशहर जिले के पंद्रह गांवों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।  जिला प्रशासन की देखरेख में इन गाँवों को आवश्यक सामानों की आपूर्ति सीधे नियंत्रित की जा रही है।

पंजाब में COVID-19 के जिलेवार मामले (28.03.2023 तक)
 नवांशहर (एसबीएस नगर)-19
मोहाली (एसएएस नगर) -6
होशियारपुर -6
जालंधर -5
अमृतसर -1
लुधियाना -1

   

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Nawanshahr, The NRI Belt Of Punjab, Coronavirus, covid19 Cases
OUTLOOK 29 March, 2020
Advertisement