Advertisement
06 March 2015

दिमापुर में एक की मौत, हाई अलर्ट

दिमापुर में घटना के बाद केंद्र ने पड़ोसी असम में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

दिमापुर के पुलिस अधीक्षक मारेन जमीर ने कहा कि भीड़ पर पुलिस की गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गयी। गोलीबारी में चार से पांच लोग घायल हो गये।

उन्होंने कहा कि दिमापुर में कर्फ्यू लगा हुआ है और हालात नियंत्राण में हैं।

Advertisement

जमीर के मुताबिक पुलिस जेल पर भीड़ के हमले को रोक नहीं सकी क्योंकि सुरक्षाकर्मियों की संख्या कम पड़ गयी और भीड़ में कई स्कूली बच्चे भी थे।

बलात्कार के आरोपी के बांग्लादेशी प्रवासी होने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर जमीर ने कहा, मैं फिलहाल इस पर कुछ नहीं कह सकता और यह जांच का मामला है।

बड़ी संख्या में दंगा नियंत्रण पुलिसकर्मियों ने दिमापुर की सड़कों पर गश्त की।

मुख्यमंत्री टी आर जेलियांग ने कहा कि भीड़ के हमले के मामले में उच्चस्तरीय जांच का आदेश दे दिया गया है ताकि पता लगाया जा सके कि सुरक्षा में किसी तरह की चूक तो नहीं रही।

इस बीच केंद्र सरकार ने आज घटना पर नगालैंड सरकार से रिपोर्ट मांगी और घटना के मद्देनजर पड़ोसी असम में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वह घटना के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहले ही बात कर चुके हैं और उनसे जरूरी कार्रवाई करने को कहा है।

जेलियांग ने आज असम के मुख्यमंत्री तरण गोगोई को आश्वासन दिया कि दिमापुर जेल में घुसने वाले और बलात्कार के आरोपी को पीटने वाले लोगों के खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

TAGS: दिमापुर, हाई अल्रर्ट, मौत, जेल, बलात्कार, आरोपी
OUTLOOK 06 March, 2015
Advertisement