Advertisement
31 August 2023

डुमरी में गरजे ओवैसी, कहा मॉब लिंचिंग पर झूठ बोल रही है हेमंत सरकार, कांग्रेस और राजद भी खामोश

झारखंड में डुमरी विधानसभा उप चुनाव में अपनी पार्टी के उम्‍मीदवार अब्‍दुल मोबिन के पक्ष में चुनाव प्रचार करने बुधवार को डुमरी पहुंचे एआइएमआइएम सुप्रीमो, सांसद असदुद्दीन ओवैसी मॉब लिंचिंग को लेकर हेमंत सरकार पर जमकर बरसे।

हेमंत सरकार में भी मॉब लिंचिंग की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्‍य सरकार झूठ बोलती रही है कि झारखंड में एक भी मुसलमान मॉब लिंचिंग का शिकार नहीं हुआ। एक मुस्लिम मंत्री के सरकार में होने के बावजूद शमशाद अंसारी और अफलाख खां की हत्या हो गयी। सहयोगी कांग्रेस और राजद भी मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर खामोश है। मोहब्बत की दुकान चलाने की बात करने वाले के झारखंड में हेमंत सरकार के होने के बावजूद मुसलमान मॉब लिंचिंग के शिकार हो रहे हैं। ऐसे में इस राज्य को तीसरे विकल्प की जरूरत है।

भाजपा और कांग्रेस के नेता हमें भड़काऊ भाषण देने वाला नेता बताते हैं। अगर मुस्लिमों के बच्चों की हत्या के विरोध में बोलना भड़काऊ है, तो मैं हमेशा भड़काऊ भाषण दूंगा। चुनावी सभा में उन्‍होंने हेमंत सरकार के साथ भाजपा की भी खिंचाई की। कहा कि सोरेन सरकार इस इलाक में एक कारखाना तक नहीं लगा सकी। रोजगार के लिए युवा पलायन को मजबूर हैं। हेमंत सोरेन की सरकार को सिर्फ मुसलमानों का वोट चाहिए। सरकार मुसलमानों की सुरक्षा, उनके विकास के प्रति ईमानदार नहीं है।

Advertisement

मुसलमान मंत्री और अनेक सत्‍ताधारी मुसलमान विधायक होने के बावजूद अल्‍पसंख्‍यकों की सुनवाई नहीं हो रही। समान नागरिक संहिता को लेकर मोदी सरकार की जमकर खिंचाई की। उत्‍तर प्रदेश की घटना का इशारा करते हुए कहा कि चौकीदार मोदी के रहते भाजपा शासित राज्य में एक सात साल के मुस्लिम बच्चे को एक टीचर द्वारा पिटवाया जाता है। सिर्फ इसलिए की कि वह होमवर्क करके नहीं गया था।

इसके पूर्व रांची आगमन पर ओवैसी ने कांग्रेस द्वारा अपनी पार्टी को भाजपा का बी टीम कहे जाने पर कहा यह उनका पुराना आलाप है। झारखंड में कई ऐसे विधानसभा क्षेत्र है जहां एआईएमआईएम पार्टी के प्रत्‍याशी खड़े नहीं हुए मगर वहां भाजपा जीत गई। झामुमो और कांग्रेस के पास इसका जवाब नहीं है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Asaduddin Owaisi, Dumri, Jharkhnad, Hemant government, mob lynching, Congress, RJD
OUTLOOK 31 August, 2023
Advertisement