Advertisement
25 February 2018

पुदुचेरी में मोदी का तंज, जून के बाद नारायणसामी कांग्रेस के अकेले सीएम बचेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार दोपहर को पुदुचेरी में एक जनसभा में कहा कि यहां के लोगों के साथ विकास में भेदभाव हुआ है।

मोदी ने कहा, 'भारत के पहले पीएम ने 17 साल देश चलाया, उनकी बेटी ने 14 साल देश पर शासन किया, फिर उनके बेटे ने 5 साल तक देश चलाया, इसके बाद 2004 से 2014 तक यानी पिछले 10 साल में यह परिवार रिमोट कंट्रोल से देश की सरकार चलाता था। इस तरह एक परिवार ने 48 साल तक देश के शासन को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से चलाया है। हमारी सरकार को इसी साल मई में 48 महीने होने वाले हैं। अब बुद्धिजीवी सोचें कि हमने 48 महीने में क्या किया और उन्होंने 48 साल में क्या किया।'

मोदी ने कहा, ‘कांग्रस के नेता दिल्ली में लोकतंत्र की बात करते हैं, लेकिन वे पुदुचेरी में सालों से पंचायतों के चुनाव नहीं होने देते हैं। वे जवाब दें कि यहां के लोगों के साथ धोखा क्यों करते हैं? पुदुचेरी में जनता के चुने हुए विधायक को विधानसभा में काम नहीं करने दिया जाता है।

Advertisement

उन्होंने पुदुचेरी के सीएम वी नारायणसामी पर तंज कसते हुए कहा, ‘मैं पुडुचेरी के सीएम नारायणसामी को अग्रिम शुभकामना देता हूं कि जून के बाद कांग्रेस में उनका कद बढ़ने वाला है, क्योंकि पूर्वोत्तर और कर्नाटक चुनावों के बाद पूरे देश में अकेले नारायणसामी ही कांग्रेस के सीएम बचने वाले हैं। फिर कांग्रेस उन्हें कंधे पर बिठाकर दिखाएगी कि वह पूरे देश में अकेले कांग्रेसी सीएम बचे हैं।‘

वहीं इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पुदुचेरी के सीएम नारायणसामी ने कहा, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पीएम ने ऐसा कहा। हम मिजोरम, मेघालय और कर्नाटक में जीतेंगे। हरियाणा और महाराष्ट्र में हम जीतने की स्थिति में है। स्थिति बदल रही है। लोग कांग्रेस की सरकार चाहते हैं।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: narendra modi, puducherry, narayansami
OUTLOOK 25 February, 2018
Advertisement