Advertisement
26 May 2017

कोलकाता विरोध प्रदर्शन: गिरफ्तार भाजपा नेताओं को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया

दरअसल, मध्य कोलकाता में गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान जबर्दस्त हंगामा हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस के एक वाहन में आग भी लगा दी गई। इस दौरान पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारों व आंसू गैस के गोले छोड़े व लाठीचार्ज भी किया। पुलिस की इस तरह की कार्रवाई को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरु कर दिए।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर पुलिस मुख्यालय लाल बाजार की तरफ बढ़ने की कोशिश में बैरीकेड तोड़ दिए। बैरीकेड तोड़ने के बाद पुलिस ने वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय, राज्य भाजपा प्रमुख दिलीप घोष, पार्टी सांसद रूपा गांगुली व कोलकाता की पूर्व उप महापौर मीना देवी पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया। इन नेताओं की अगुवाई में कार्यकर्ता लालबाजार की तरफ बढ़े और लालबाजार के पास बी. बी. गांगुली मार्ग पर एक पुलिस वाहन को आग लगा दी गई व एक अन्य सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।  

ममता का भाजपा पर आरोप

Advertisement

राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस हिंसक स्थिति के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि हिंसा की शुरुआत भाजपा ने की। उन्होंने पुलिस की पिटाई कर दी। महिलाओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

भाजपा का ममता सरकार पर आरोप

दूसरी ओर भाजपा ने राज्य सरकार को इस हिंसा का जिम्मेदार माना है। पुलिस ने राज्य के लिए भाजपा प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय को गिरफ्तार कर लिया। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन्हें बिना किसी कारण प्रताड़ित किया जा रहा है। बदले की भावना से ममता प्रशासन उनके खिलाफ कार्रवाई करती है। इसके खिलाफ ही ये प्रदर्शन किया गया है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान अभिनेत्री से भाजपा नेता बनी रूपा गांगुली पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई व धक्का-मुक्की के बाद बीमार पड़ गईं। अभिनेत्री से कार्यकर्ता बनीं लॉकेट चटर्जी की भी तबियत खराब होने के कारण उन्हें इलाज के लिए कोलकाता मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। ऐसे आरोप हैं कि कार्यकर्ताओं के बम फेंकने से पुलिसकर्मी घायल हुए, लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा, पुलिस यह कह कर सभी को गुमराह करने की कोशिश में रही है कि उस पर बम फेंके गए, लेकिन वास्तव में यह आंसू गैस के गोलों की आवाज थी, जो पुलिस ने छोड़े थे। इस मामले में सिन्हा को भी गिरफ्तार किया गया है।

 


 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: कोलकाता विरोध प्रदर्शन, गिरफ्तार, भाजपा नेता, पुलिस, कोर्ट, पेश, Police, arrested, BJP leaders, protest yesterday, brought, court
OUTLOOK 26 May, 2017
Advertisement