Advertisement
06 June 2017

मंदसौर में भड़का किसान आंदोलन, गोलीबारी में 6 की मौत, कर्फ्यू लगा

मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र में आज किसानों का गुस्सा बेकाबू हो गया। चक्काजाम कर रहे हजारों आंदोलनकारियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान गोलीबारी में छः लोगों के मरने की खबर है। हालांकि, जिला प्रशासन और राज्य के गृह मंत्री ने पुलिस फायरिंग से इंकार किया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छः किसानों की गोली लगने से जान चली गई है। एक घायल व्यक्ति की मौत इंदौर ले जाते हुए रास्ते में होने की खबर है। हालत पर काबू पाने के लिए सीआरपीएफ को भी तैनात किया गया था। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया। इंटरनेट भी बंद है। 

किसानों पर गोलीबारी के लिए कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जिम्मेदार ठहराते हुए बुधवार को पूरे राज्य में बंद का आह्वान किया है। उधर, शिवराज चौहान ने विपक्षी दलों पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। 

Advertisement

मंदसौर के कलेक्टर एसके सिंहने हिंसा में पांच लोगों के मरने की पुष्टि की है। मारे गए लोगों के नाम कन्हैयालाल पाटीदार, बबलू पाटीदार, चैन सिंह पाटीदार, अभिषेक पाटीदार और सत्यनारायण हैं। मंदसौर में ही घायल आरिफ नाम के व्यक्ति की इंदौर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। म

गृह मंत्री का दावा, पुलिस ने नहीं चलाई गोली 

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों के नाम पर असामाजिक तत्व आंदोलन कर रहे हैं। पुलिस ने गोली नहीं चलाई, इस घटना की जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों की मौत के बाद आपात बैठक बुलाई है और घटना न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में किसान कर्ज माफी और उपज के उचित दाम जैसे मुद्दाेें को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन कर हैैं। कई जगह किसानों ने फल-सब्जी और दूध की आपूर्ति ठप कर दी है। मध्य प्रदेश में रविवार से ही यह आंंदोलन उग्र होने लगा था।   

आंदोलन जारी, इंटरनेट बंद

हिंसा को देखते हुए मध्य प्रदेश के मंदसौर, रतलाम और उज्जैन में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। हालांकि, रविवार को आरएसएस से जुड़े भारतीय किसान संघ ने आंदोलन खत्म करने का ऐलान किया था, लेकिन भारतीय मजदूर किसान संघ, भारतीय किसान यूनियन और आम किसान यूनियन समेत कई किसान संगठनाेेंं ने आंदोलन जारी रखा। 

न्यू इंडिया में अन्नदाता को गोली: राहुल गांधी 

आंदालकारी किसानों पर पुलिस फायरिंग को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया है कि BJP के न्यू इंडिया में हक़ मांगने पर हमारे अन्नदाताओं को गोली मिलती है। राहुल गांधी के अलावा अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव, लालू प्रसाद यादव और सीताराम येचुरी ने भी किसानों पर फायरिंग की निंदा की है।  

 

 

 

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 06 June, 2017
Advertisement