Advertisement
01 February 2018

राजस्थान उपचुनाव जीतने पर राहुल ने कहा- लोगों ने भाजपा को खारिज किया

राजस्थान उपचुनाव जीतने पर राहुल ने कहा- लोगों ने भाजपा को खारिज किया | File Photo.

नए साल पर राजस्थान के उपचुनाव में कांग्रेस को जनता ने बड़ा तोहफा दिया है। उपचुनाव में भाजपा ने अपनी तीनों सीटें खो दी हैं और कांग्रेस ने चौंकाते हुए इन सभी पर अपना कब्जा लगभग जमा लिया है। एक विधानसभा सीट पर कांग्रेस जीत चुकी है, जबकि दो लोकसभा सीटों पर भी उसने भाजपा को मात दी है।

मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्‍मीदवार विवेक धाकड़ जीत गए हैं। उन्होंने भाजपा के शक्ति सिंह को 12,976 मतों से शिकस्त दी है। 

अजमेर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार डॉक्टर रघु शर्मा जीत गए हैं। उनका मुकाबला भाजपा के रामस्वरूप लांबा से था।

Advertisement

वहीं, अलवर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के ही डॉक्टर करण सिंह यादव ने जीत दर्ज की है। भाजपा की तरफ से डॉक्टर जसवंत सिंह यहां मैदान में थे।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर राजस्थान कांग्रेस को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि बहुत अच्छे राजस्थान कांग्रेस। आप सभी पर गर्व है। राजस्थान के लोगों ने भाजपा को खारिज किया है।

इधर, भाजपा की बुरी तरह से हार को लेकर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने समीक्षा बैठक शुरू कर दी है। एेसे में राजस्थान के जयपुर स्थित भाजपा मुख्यालय में सन्नाटा पसर गया है। उधर, कांग्रेस मुख्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई है और सभी एक दूसरे को मिठाई खिला रहे हैं।

पश्चिम बंगाल उपचुनाव में तृणमूल का दबदबा

पश्चिम बंगाल के नोआपारा में कांग्रेस विधायक मदुसूदन घोष के निधन के कारण हो रहे उपचुनाव में तृणमूल के सुनील सिंह ने भाजपा के संदीप बनर्जी को 63,000 से ज्यादा वोटों से हरा दिया है।

वहीं उलुबेरिया लोकसभा सीट में तृणमूल की सजदा अहमद ने भाजपा के अनुपम मलिक को 4,74,510 वोटों से हरा दिया है। सजदा अहमद दिवंगत सांसद सुल्‍तान अहमद की पत्नी हैं।


 

TAGS: political reactions, rajasthan, bypolls
OUTLOOK 01 February, 2018
Advertisement